राष्ट्रीय

यौन उत्पीड़न के आरोप में कांग्रेस नेता गिरफ्तार, गुस्साएं लोगों ने घर में घुस कर पीटा

कर्नाटक में पूर्व यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष आदित्य को यौन उत्पीड़न और एडिटेड तस्वीरें फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
2 min read
Oct 29, 2025
crime news
यौन उत्पीड़न के आरोप में कांग्रेस नेता गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)

कर्नाटक से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां एक कांग्रेस नेता को महिला का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस घटना का खुलासा होने पर स्थानीय लोगों ने नेता को लातों-घूंसों से पीटा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोपी की पहचान आदित्य के रूप में हुई है, जो कि चिकमंगलूरु शहर में आल्डूर होबली का पूर्व यूथ कांग्रेस उपाध्यक्ष रह चुका है। आदित्य पर महिलाओं को अनुचित संदेश भेजने के साथ-साथ उनकी एडिट की हुई तस्वीरों को फैलाने का भी आरोप है।

महिला का किया यौन उत्पीड़न, फिर फैलाईं एडिटेड तस्वीरें

पुलिस के अनुसार, पीड़िताओं में कई ऐसी महिलाएं भी शामिल हैं, जो आदित्य के जानने वालों की पत्नियां हैं। जयनगर की रहने वाली एक पीड़िता की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। महिला ने आरोप लगाया कि आदित्य ने पहले उससे फोन के जरिए दोस्ती की और उसके बाद उसका यौन उत्पीड़न किया। महिला का आरोप है कि आदित्य ने कई बार उनके साथ यह आपत्तिजनक हरकत की है। महिला के विरोध करने पर आदित्य ने सोशल मीडिया से उसकी तस्वीरें लीं और उन्हें एडिट करके फैला दिया। महिला ने आदित्य पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

गुस्साए लोगों ने घर में घुसकर की पिटाई

घटना सामने आने के बाद, हाल ही में गुस्साए लोगों के एक समूह ने आदिशक्ति नगर में आरोपी के घर में घुसकर उसकी जमकर पिटाई की। आदित्य की पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। महिला की शिकायत के आधार पर, चिकमंगलूरु शहर पुलिस ने धारा 75(2) और धारा 78 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। हालांकि, कांग्रेस नेता पर हुए हमले के संबंध में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

Updated on:
29 Oct 2025 03:31 pm
Published on:
29 Oct 2025 03:31 pm