
बिहार में छात्रों के प्रदर्शन में पहुंचा बच्चा (Photo-X @itSachinverma)
Aditya Kumar Patna Student Protest: बिहार की राजधानी पटना में परीक्षा और कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच एक छह साल का बच्चा अचानक चर्चाओं में आ गया। पहली कक्षा में पढ़ने वाले छात्र का नाम आदित्य कुमार है। वह छात्रों के प्रदर्शन में शामिल हुआ और 25 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के पास हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने का दावा सामने आया है।
आदित्य कुमार पहली बार गर्दनीबाग स्थित प्रदर्शन स्थल पर भी पहुंचा था। इस दौरान बच्चे ने छात्रों के बीच अपनी बात भी रखी। उसने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग भी की।
छोटी उम्र के बावजूद प्रदर्शन में उसकी सक्रिय भागीदारी ने लोगों का ध्यान खींचा। इसके बाद वह 25 अगस्त को छात्रों के साथ मुख्यमंत्री आवास की ओर निकले प्रदर्शन में भी शामिल हुआ।
न्यूज 18 की रिपोर्ट में मुताबिक, 25 अगस्त के प्रदर्शन के दौरान पुलिस आदित्य को अपने साथ थाने ले गई, जहां वह करीब पांच घंटे तक रहा। बताया गया है कि उसे दोपहर करीब 2 बजे पुलिस स्टेशन ले जाया गया और शाम करीब 7 बजे छोड़ा गया।
आदित्य और उसके परिवार की ओर से आरोप लगाया गया है कि थाने में उसे धमकाया गया। बच्चे ने यह भी दावा किया कि पुलिस ने उसके माता-पिता के साथ मारपीट की और उसे दोबारा प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी।
आदित्य अपने परिवार के साथ पटना के पुनाईचक में किराये के मकान में रहता है। उसके पिता मजदूरी करते हैं, जबकि उसकी मां दूसरे घरों में घरेलू काम करती हैं।
परिवार का कहना है कि कम उम्र के बावजूद आदित्य की मौजूदा घटनाक्रम और खबरों में काफी दिलचस्पी है। वह नियमित रूप से समाचार देखता है और देश-दुनिया में होने वाली घटनाओं को समझने की कोशिश करता है।
आदित्य से जुड़ी सबसे ज्यादा चर्चा संविधान को लेकर उसके कथित लगाव की हो रही है। पहली कक्षा में पढ़ने वाला यह बच्चा अपने स्कूल बैग में भारतीय संविधान की एक प्रति रखता है। बताया गया है कि वह संविधान के करीब 80 पन्ने पढ़ चुका है और आगे भी इसे पढ़ना चाहता है। राष्ट्रीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों में उसकी रुचि भी परिवार ने बताई है।
जब आदित्य से पूछा गया कि वह बड़े छात्रों के आंदोलन में क्यों शामिल हो रहा है, तो उसने अपनी बात भविष्य की पढ़ाई और परीक्षाओं से जोड़कर रखी।
आदित्य का कहना है कि अगर अभी परीक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और कथित पेपर लीक जैसी समस्याएं जारी रहीं, तो उसकी पीढ़ी को भी आगे चलकर प्रतियोगी परीक्षाओं में ऐसी ही परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
छह साल के बच्चे की ओर से परीक्षा व्यवस्था और भविष्य को लेकर कही गई इस तरह की बात ने प्रदर्शन के बीच लोगों का ध्यान खींचा है।
Updated on:
26 Aug 2026 04:53 pm
Published on:
26 Aug 2026 04:53 pm
