
बिहार छात्र आंदोलन(फोटो-IANS)
BPSC TRE-4 में PT-मेन, नेगेटिव मार्किंग खत्म करने और 100% डोमिसाइल की मांग को लेकर पटना में जारी छात्र आंदोलन के बीच बीजेपी विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस पूरे मामले पर प्रभावी तरीके से काम कर रहे हैं और आगे क्या होता है, यह देखना होगा। बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा समेत विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन मंगलवार को और तेज हो गया था। पटना के गर्दनीबाग में 18 अगस्त से धरने पर बैठे छात्र मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले थे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगहों पर झड़प हुई। पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और बाद में लाठीचार्ज भी किया।
छात्रों के आंदोलन को लेकर बीजेपी विधायक और लोक गायिका मैथिली ठाकुर से सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस पूरे मामले पर बहुत प्रभावी तरीके से काम कर रहे हैं। आगे क्या होता है, यह हम देखेंगे।
इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बिहार में छात्रों के प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार के छात्रों का सवाल सीधा है कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी क्यों होती है, पेपर लीक के आरोपों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कब तक चलेगा। राहुल गांधी ने कहा कि BPSC परीक्षाओं को लेकर विवाद नया नहीं है। उनके मुताबिक छात्र लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न, देरी और पारदर्शिता को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों को जवाब देने के बजाय लाठी और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर रही है और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है। राहुल गांधी ने सीवान में प्रदर्शनकारियों पर एके-47 से गोलीबारी के सामने आने का भी दावा किया है।
ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के छात्र मंगलवार को अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकले। छात्रों को रोकने के लिए जेपी गोलंबर पर पुलिस के साथ सीआरपीएफ के जवान भी तैनात किए गए थे। प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़ते हुए डाकबंगला तक पहुंच गए। इस दौरान छात्रों और सीआरपीएफ जवानों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
प्रदर्शन के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगी, जबकि एक छात्रा के बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई। वाटर कैनन से पानी की बौछार के बीच प्रदर्शनकारी छात्र शैंपू लगाकर नहाते हुए भी नजर आए। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पत्थर फेंके जाने की बात सामने आई। इसमें टाउन डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह घायल हो गए। कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आईं।
Updated on:
26 Aug 2026 05:23 pm
Published on:
26 Aug 2026 04:41 pm
