
काँग्रेस (Congress) नेता नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) करीब एक साल की जेल की सज़ा काटकर अब बाहर आ चुके हैं। 1988 रोड रेज मामले में सिद्धू को पिछले साल मई में एक साल की जेल की सज़ा सुनाई गई थी। सज़ा काटने के बाद 1 अप्रैल को ही सिद्धू की जेल से रिहाई हुई है। पहले सिद्धू की रिहाई 16 मई को होने वाली थी। पर इसे 45 दिन घटाकर उन्हें शनिवार, 1 अप्रैल को जेल से रिहा कर दिया गया। जेल से बाहर आते ही सिद्धू की बयानबाजी शुरू हो चुकी है। आज सिद्धू दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसे वाला (Sidhu Mosse Wala) के पिता से मिले। इसके बाद उन्होंने पंजाब सरकार (Punjab Government) पर निशाना साधा।
पहले एक सिद्धू मरवा दिया, अब दूसरा भी मरवा दो
सिद्धू ने मूसे वाला के परिवार से मुलाकात की। सिंगर मूसे वाला की मौत पर खेद जताते हुए उन्होंने अपनी सिक्योरिटी कम करने पर भी सरकार पर निशाना साधा। सिद्धू ने कहा कि कम सिक्योरिटी की वजह से एक सिद्धू (मूसे वाला) पहले ही मर गया, अब दूसरे सिद्धू (नवजोत) को भी मरवाने की तैयारी कर ली गई है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जेल से निकलने के बाद से ही सिद्धू की Z+ सिक्योरिटी को घटाकर Y कैटेगरी कर दिया गया है।
राज्य की कानून व्यवस्था पर उठाया सवाल
मूसे वाला के पिता से मिलने के बाद सिद्धू ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा। राज्य में इस समय आम आदमी पार्टी की सरकार है और भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री हैं। काँग्रेस नेता ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "क्या सरकार का काम जुर्म को रोकना है, या उसे बढ़ाना? पंजाब में जुर्म काफी बढ़ रहा है। इतना ही नहीं, राज्य में कानून व्यवस्था भी काफी लचर है।"
यह भी पढ़ें- 'CBI ने सामान्य लोगों को दी न्याय की उम्मीद' - पीएम मोदी
केंद्र सरकार पर भी साध चुके हैं निशाना
पंजाब सरकार पर निशाना साधने से पहले सिद्धू केंद्र सरकार पर भी निशाना साध चुके हैं। जेल से बाहर आने के बाद सिद्धू ने देश में लोकतंत्र को मुद्दा बनाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। सिद्धू ने कहा, "देश में बिलकुल भी लोकतंत्र नहीं है। पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाने की साजिश रची जा रही है। अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। अगर आप पंजाब को कमज़ोर करने की कोशिश करेंगे, तो आप खुद भी कमज़ोर होंगे।"