
Mallikarjun Kharge on PM Modi: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 23 अप्रैल को होना है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस चुनाव में DMK अपने सहयोगी कांग्रेस के साथ मिलकर AIADMK और भाजपा गठबंधन से मुकाबला कर रही है। इसी क्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया, जिसके बाद सियासी बवाल शुरू हो गया है।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'ये AIADMK के लोग, जो खुद अन्नादुरई की फोटो लगाते हैं, वे मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वह एक आतंकवादी हैं। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करेगी। ये लोग उनके साथ जुड़ रहे हैं; इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं।'
हालांकि PM मोदी पर अपनी टिप्पणी पर सफाई देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, 'वह (PM मोदी) लोगों और राजनीतिक पार्टियों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं…मेरा मतलब है, मैं साफ करना चाहता हूं, कि मोदी हमेशा धमकी देते हैं। ED, IT और CBI जैसी संस्थाएं उनके हाथ में हैं। वह डिलिमिटेशन भी अपने हाथ में लेना चाहते हैं।'
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कांग्रेस-डीएमके गठबंधन पर जमकर हमला बोला और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई विवादास्पद टिप्पणी के बाद देश से औपचारिक माफी मांगने की मांग की।
चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस गोयल ने कहा कि विपक्ष ने लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित नेता के खिलाफ भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करके 'एक नई नीचता' दिखाई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि तमिलनाडु की जनता चुनावों में 'मुंहतोड़ जवाब' देगी।
गोयल ने कहा , 'मुझे शर्म आती है कि कांग्रेस पार्टी और स्टालिन की डीएमके पार्टी इतनी नीच हरकत पर उतर आई हैं। वे इस हद तक गिर गए हैं कि भारत की जनता द्वारा लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री को आतंकवादी कहा जा रहा है। मैं खरगे के बयान की कड़ी निंदा करता हूं। मैं राहुल गांधी और एमके स्टालिन से भारत की जनता के इस घोर अपमान के लिए माफी मांगने की मांग करता हूं।' गोयल ने इन टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा कि ये न केवल प्रधानमंत्री पर व्यक्तिगत हमला है, बल्कि भारतीय मतदाताओं और तमिलनाडु राज्य की गरिमा का अपमान भी है।'
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, '… कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल गांधी को खुश करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कहा है… यह देश की लोकतांत्रिक मर्यादाओं पर सीधा हमला है। यह भारत के प्रधानमंत्री पद पर हमला है… देश की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी…'
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर कहा, 'राहुल गांधी और सोनिया गांधी के इशारे पर मल्लिकार्जुन खरगे ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ किया है, वह संविधान के अपमान को दिखाता है… नरेंद्र मोदी एक चुने हुए प्रधानमंत्री हैं। वे एक संवैधानिक पद पर आसीन हैं और ये लोग उन्हें आतंकी बोल रहे हैं… यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है। जनता इसका जवाब देगी…'
मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'वे (भाजपा) एक नॉन-इश्यू को इश्यू बनाने की कोशिश करेंगे… प्रधानमंत्री मोदी ED, CBI का इस्तेमाल करके लोगों को डराने की कोशिश कर रहे हैं। मल्लिकार्जुन खरगे ने यही कहा। आप भी ये सभी कैमरा ट्रिक्स जानते हैं। वे केवल उस खास क्लिप का इस्तेमाल कर रहे हैं…'