राष्ट्रीय

Lucknow Fire Accident के बाद यूपी-राजस्थान में सख्ती, कोचिंग संस्थानों और अवैध भवनों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई

Lucknow Coaching Fire Accident: लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। एसआईटी और फॉरेंसिक जांच तेज होने के साथ यूपी में 48 कोचिंग और तीन होटल सील किए गए। बिल्डिंग मालिक समेत चार आरोपी जेल भेजे गए हैं। राजस्थान में भी कोचिंग संस्थानों और कॉमर्शियल भवनों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
2 min read
Jun 24, 2026
Lucknow Fire Accident
लखनऊ कोचिंग अग्नि दुर्घटना(फोटो-ANI)

Lucknow Fire News: शहर के अलीगंज इलाके में सोमवार को हुए अग्नि हादसे के बाद दूसरे दिन एसआइटी और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और बैगों में भरकर सबूत अपने साथ ले गए। इस दौरान बिल्डिंग को सील कर दिया गया। सभी मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद अवैध निर्माण और फायर सेफ्टी इंतजामों के बिना चल रहे कोचिंग और होटलों में छापेमारी की गई। अकेले उत्तर प्रदेश में मंगलवार को 48 कोचिंग और तीन होटलों को सील किया गया। जांच में पता चला है कि जिस इमारत में आग लगी, उसे मई 2016 में गिराने का आदेश जारी हुआ था, लेकिन 5 जुलाई 2016 को इस आदेश को निरस्त कर दिया गया। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने उस इमारत को गिराने का नोटिस जारी किया है, जहां 15 लोगों की जान गई।

हादसे के बाद बिल्डिंग के मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला सहित चार आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। तीन अन्य पेट शॉप चलाने वाले रामकृष्ण उपाध्याय, थ्रीडी एनिमेशन और हेड हूपर्स इंस्टीट्यूट संचालक तुशाक कृष्णा और सुरेश साहू हैं। गैर इरादत हत्या का मुकदमा दर्ज कर इन्हें सोमवार को गिरफ्तार किया गया था।

एक हजार लोगों को नोटिस


एलडीए ने रिहायशी इमारत को गैर कानूनी तरीके से व्यावसायिक उपयोग के लिए चलाने पर अपने ही अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया तेज कर दी है। मृतक के परिजनों और आसपास के पड़ोसियों ने बिल्डिंग मालिकों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा एलडीए ने मंगलवार को उन एक हजार लोगों को नोटिस दिया, जो आवासीय प्लॉट या मकानों पर कमर्शियल एक्टिविटिी चला रहे हैं।

कानपुर में फिजिक्सवाला सहित 16 प्रतिष्ठान सील


कानपुर में केडीए के दस्ते ने नक्शे के विपरीत बने और बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियों मिलने पर कोचिंग संस्थाओं और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। दस्ते ने तीन घंटे की कार्रवाई में फिजिक्सवाला सहित 16 प्रतिष्ठानों को सील किया। साथ ही 22 प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर नोटिस जारी किया है।

राजस्थान में कार्रवाई, कई भवन और कोचिंग संस्थान सीज


लखनऊ अग्निकांड के बाद राजस्थान में नगर निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जयपुर में नगर निगम ने 8 कोचिंग संस्थानों को सीज किया गया है। यह कार्रवाई गोपालपुरा बाईपास, त्रिवेणी चौराहा और रिद्धि-सिद्धि पर की गई है। जोधपुर में नगर निगम ने 400 कॉमर्शियल भवनों को नोटिस जारी किए हैं और सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने पर पांच इमारतों को सीज भी किया जा चुका है।

Updated on:
24 Jun 2026 03:06 am
Published on:
24 Jun 2026 03:00 am
Also Read
View All
Pachpadra Refinery Project: 1 जुलाई से शुरू होगा पचपदरा रिफाइनरी का व्यावसायिक उत्पादन, अब पेट्रोल उत्पादन की बारी

चंबल में अवैध रेत खनन पर टेक्नोलॉजी का शिकंजा, 16 घाटों पर हाईटेक निगरानी

रांची के JSCA स्टेडियम में भगदड़, झारखंड प्रीमियर लीग फाइनल के दौरान मची अफरा-तफरी, 3 घायल अस्पताल में भर्ती

Congress: कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान 25 जून को, देशभर में 28 शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

कतर धमाके में 12 भारतीयों की मौत पर पीएम नरेंद्र मोदी की कतर के अमीर से हुई बात, जानें दोनों नेताओं के बीच क्या हुई बातचीत