यमुनानगर में एक युवक ने नफरत और गुस्से के चलते अपनी चाची की हत्या कर दी। युवक ने अपने दोस्ते के साथ मिलकर अपनी चाची का गला काट दिया। पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश कर रही है।
हरियाणा के यमुनानगर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां चाची से नफरत में एक भतीजे ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी। भतीजा चाची को पसंद नहीं करता था और सालों से अपने मन में उनके लिए नफरत पाले बैठा था। यह नफरत देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि भतीजे ने बेरहमी से चाची की हत्या कर दी। मृतका की पहचान सेना के हवलदार जसबीर सिंह की 34 वर्षीय पत्नी मोनिका के रूप में हुई है। मोनिका की हत्या का आरोपी उसके जेठ का बेटा युवराज फिलहाल फरार चल रहा है और पुलिस उसको तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मोनिका यमुनानगर के थाना छप्पर क्षेत्र के गांव भंभोल में अपनी मां के साथ रहती थी। 10 साल पहले मोनिका की शादी अंबाला के कलरेड़ी गांव के जसबीर के साथ हुई थी और दोनों के एक सात साल का बेटा भी है। मोनिका की मां कांता देवी ने बताया कि आरोपी युवराज अपने दोस्त के साथ रात करीब 11 बजे उनके घर में घुसा और उसने मोनिका पर हमला कर दिया। रात में अचानक मोनिका के कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाज आने लगी तो मोनिका की मां उसके कमरे में भाग कर गई।
उन्होंने कमरे में जाकर देखा कि युवराज अपने दोस्त सचिन के साथ मिलकर उनकी बेटी पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर रहा था। मोनिका की मां के वहां पहुंचने पर भी युवराज और सचिन नहीं रुके और उन्होंने उनके सामने ही मोनिका का गला काट दिया। मां की चीख-पुकार सुनकर घर के बाकी लोग और पड़ोसी वहां पहुंचे जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद मोनिका को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मोनिका की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली और वहां से सबूत इकट्ठा किए। पुलिस को घर के बाहर नाली में एक चाकू भी पड़ा मिला जिसे उन्होंने कब्जे में ले लिया है। मृतका की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवराज और सचिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फिलहाल दोनों आरोपी फरार है और उनकी तलाशी के लिए जगह-जगह पर छापेमारी की जा रही है।