कर्नाटक के बागलकोट जिले में घरेलू विवाद के चलते एक महिला पर अपने तीन बच्चों की हत्या कर आत्महत्या की कोशिश करने का आरोप है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
कर्नाटक के बागलकोट जिले में एक दिल दहला देने वाले मामले का खुलासा हुआ है। यहां एक मां ने पहले अपने तीन मासूम बच्चों को फंदे से लटका कर उनकी जान ले ली और फिर खुद डीजल पीकर अपनी जान देने की कोशिश की। अपने बच्चों की जान लेने वाली महिला की पहचान 27 वर्षीय रूपा हनुमंत गौदार के रूप में हुई है और उसकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।
खबरों के अनुसार रूपा को घटना के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। इस घटना में रूपा के तीनों बच्चों की मौत हो गई। मृतक बच्चों की पहचान 5 वर्षीय समृद्धि, 4 वर्षीय प्रीतम और 2 वर्षीय सुक्षित के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रूपा ने यह कदम कथित घरेलू उत्पीड़न और पारिवारिक विवाद के चलते उठाया है। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
बागलकोट के एसपी सिद्धार्थ गोयल के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 1.30 बजे के बीच हुई। आरोपी महिला रूपा हनुमंत गोवदर उस समय घर में अकेली थी और उसके तीनों बच्चे समृद्धि, प्रीतम और सुक्शित उसके साथ थे। इस दौरान उसका पति हनुमंत अपनी मां को मंदिर छोड़ने के बाद खेत में काम करने चला गया था। जब वह करीब 2 बजे घर लौटा तो घर अंदर से बंद मिला। स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, तब अंदर का मंजर देख सभी सन्न रह गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि बच्चों को फांसी पर लटकाया गया था। वहीं रूपा ने कथित तौर पर डीजल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे तुरंत बागलकोट के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है और फिलहाल वह बयान देने की स्थिति में नहीं है।
बागलकोट जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धार्थ गोयल के अनुसार प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि महिला को पति और सास की ओर से कथित रूप से प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। दोनों के बीच घटना से एक रात पहले भी विवाद हुआ था। दंपती की शादी को आठ साल हो चुके थे और दोनों परिवार एक ही गांव में रहते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।