बठिंडा में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार किया। हत्या के बाद शव जलाने और सूटकेस में फेंकने की कोशिश की गई। सीसीटीवी और फोन रिकॉर्ड से पुलिस को अहम सुराग मिले।
पंजाब के बठिंडा में 22 वर्षीय युवती का अर्ध जला शव सूटकेस में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने के दो दिन बाद पुलिस ने इस मामले में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार युवती की हत्या उसी के एक दोस्त ने की थी। इस हत्या को पुलिस ने क्राइम ऑफ पैशन बताया है, इसका मतलब है कि आरोपी ने किसी गहरे भावनात्मक कारण या आपसी विवाद के चलते यह हत्या की है। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने मृतका लड़की और अपनी फोटो का एक टैटू अपने सीने पर बनवाया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।
आरोपी युवक की पहचान 35 वर्षीय प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। वह बेरोजगार है और नशे की लत से जूझ रहा है। युवती मोगा जिला के बाघापुराना की रहने वाली थी और बठिंडा में रह रही थी। 9 फरवरी को हुई इस घटना के दौरान युवती सुरखपीर इलाके स्थित प्रिंस के घर पर ही थी और यहीं पर उसने कथित तौर पर युवती पर चाकूओं से वार करके उसकी हत्या कर दी। जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद उसने शव को दो दिन तक घर में ही रखा और बाद में उसे जलाने की कोशिश की। इसके बाद उसने शव को सूटकेस में डालकर 10 और 11 फरवरी की दरमियानी रात को बहमन दीवाना गांव के पास खेतों में फेंक दिया।
पुलिस ने सूटकेस, हत्या में इस्तेमाल चाकू और शव को ले जाने में प्रयुक्त कार बरामद कर ली है। जांच के दौरान परसराम नगर इलाके के सीसीटीवी फुटेज में 7 फरवरी को युवती को आरोपी के साथ देखा गया था। यह आखिरी बार था जब वह जिंदा नजर आई थी। इसके बाद तकनीकी जांच में पुलिस ने फोन रिकॉर्ड खंगाले और करीब 15 संदिग्धों से पूछताछ की। आखिरकार साक्ष्यों के आधार पर प्रिंस की पहचान मुख्य आरोपी के रूप में हुई। पंजाब पुलिस ने बताया कि आरोपी ने हत्या के बाद अपने सीने पर युवती के साथ अपनी तस्वीर का टैटू भी बनवा लिया था, जो इस मामले को और विचलित करने वाला बनाता है।
पुलिस के अनुसार, युवती ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध विवाह किया था और वह अपने पति तथा आरोपी दोनों से अलग रह रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि मामले में किसी अन्य की संलिप्तता नहीं पाई गई है। शव पर चार से पांच गहरे चाकू के घाव मिले हैं। परिवार अब तक शव लेने के लिए सामने नहीं आया है। पुलिस ने पीड़िता की निजता को ध्यान में रखते हुए उसके निजी जीवन से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी साझा करने से इनकार किया है।