राष्ट्रीय

ढाई साल का रिलेशनशिप…शादी के लिए कहा तो महिला की कर दी हत्या, नाले में मिला सिर कटा शव

Crime News: आरोपी मोनू सिंह ने पुलिस को बताया कि वह उस महिला के साथ ढाई साल से ज्यादा समय से रिलेशनशिप में था। मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली महिला अपने पति से अलग हो गई थी।

3 min read
Nov 14, 2025
अवैध संबंधों में फंसे मोनू ने की थी हत्या

Crime News: नोएडा में सिर कटा महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक महिला के दोनों हाथ की कलाई भी कटी हुई थी। यह घटना छह नवंबर की है। पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को एक 32 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। महिला के शरीर के बाकी हिस्से गाजियाबाद से बरामद किए हैं। बीते हफ्ते पुलिस को सूचना मिली कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे नोएडा पुलिस कमिश्नरेट से लगभग एक किलोमीटर दूर आठ फुट गहरे नाले में एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव मिला है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, 'उसके हाथ कलाई से कटे हुए थे और शव नग्न अवस्था में था।' पुलिस ने महिला की पहचान नोएडा के सेक्टर 49 निवासी 33 वर्षीय प्रीति के रूप में की है।

ये भी पढ़ें

सपने में आकर कहा…और महिला ने दोनों बेटों की दे दी बली, ससुर पर भी जानलेवा हमला

55,000 वाहन और सीसीटीवी फुटेज की जांच

गौतमबुद्ध नगर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) राजीव नारायण मिश्रा ने बताया, 'हमने शहर भर के हजारों कैमरों को स्कैन करने के बाद रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक नोएडा में प्रवेश करने वाले 55,000 से ज्यादा वाहनों की जांच की है। महिलाओं की गुमशुदगी की शिकायतों की जांच के लिए चालीस टीमें दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के अन्य जिलों में भेजी गईं।

संदिग्ध तक ऐसे पहुंची पुलिस

नारायण मिश्रा ने आगे कहा कि शुरुआत में हमें पता चला कि कुछ गाड़ियां देर रात घटनास्थल पर आई थीं और उनमें से कुछ अपनी हेडलाइट बंद करके वहाँ से चली गईं। उन सभी से पूछताछ की गई, लेकिन कुछ खास पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने एक निजी संस्थान से जुड़ी बस पर ध्यान केंद्रित किया। एक अन्य अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, बस की जानकारी मिलने के बाद संदिग्ध मोनू सिंह का पता चला।

ढाई साल से रिलेशनशिप में थी महिला

मोनू सिंह ने पुलिस को बताया कि वह उस महिला के साथ ढाई साल से ज्यादा समय से रिलेशनशिप में था। मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली महिला अपने पति से अलग हो गई थी और 2023 से दो नाबालिग बच्चों के साथ नोएडा में रह रही थी। मोनू सिंह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बगल में ही रहता था।

किसी और के साथ अवैध संबंध का शक

सिंह ने बताया कि महिला उस पर अपनी पत्नी को छोड़कर उससे शादी करने का दबाव बना रही थी। इसके अलावा, उसने पिछले कुछ सालों में उसे लगभग 2 लाख रुपये उधार दिए थे और उसे वापस करने के लिए कह रही थी। उसने कथित तौर पर उसे धमकी भी दी थी कि जब उसकी बेटियां बड़ी हो जाएंगी, तो वह उन्हें देह व्यापार में धकेल देगी। सिंह को यह भी शक था कि उसका किसी और के साथ अवैध संबंध है।

पहचान छिपाने के लिए सिर और हाथ कलाई से काटे

पुलिस ने बताया कि सिंह ने महिला को अपने साथ बस में चलने के लिए कहा था। अधिकारी ने बताया, "जिले भर में कई जगहों पर घूमने के बाद वह उसे घटनास्थल के पास ले गया और बस के अंदर एक धारदार हथियार (कसाई का चाकू) से उस पर हमला कर दिया। बाद में उसने उसकी पहचान छिपाने के लिए उसका सिर गर्दन से और हाथ कलाई से अलग कर दिए।" सिंह ने इस शक में महिला के हाथ काट दिए कि उसके उंगलियों के निशान से उसकी पहचान उजागर हो सकती है।

हत्या कर नाले में फेंका महिला का शव

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद सिंह ने शव को सेक्टर 108 के नाले में फेंक दिया और गाजियाबाद चला गया, जहां उसने शरीर के अन्य हिस्सों को ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने अन्य शवों के टुकड़े भी बरामद कर लिए हैं तथा फोरेंसिक जांच के लिए बस को जब्त कर लिया है। सेक्टर 39 पुलिस स्टेशन में उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें

Bihar Election Result: लालू के लाल का ‘तेज’ और ‘प्रताप’ हुआ छिन्न-भिन्न, महुआ सीट पर संजय कुमार सिंह ने चटाई धूल

Updated on:
14 Nov 2025 09:41 pm
Published on:
14 Nov 2025 09:40 pm
Also Read
View All

अगली खबर