राष्ट्रीय

राजधानी दिल्ली में महिला को सरेआम मारी गोली , 2023 में इसी तरह मृतका के पति की हुई थी हत्या

वेस्ट दिल्ली के शालीमार बाग थाना इलाके में एक महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के अनुसार साल 2023 में इसी तरह महिला के पति को भी गोली मारी गई थी।

2 min read
Jan 10, 2026
दिल्ली में महिला की सरेआम गोली मारकर हत्या (फोटो- आईएएनएस)

राजधानी दिल्ली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शनिवार को नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के शालीमार बाग थाना इलाके में सरेआम एक महिला को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह सामने नहीं आ पाया है कि महिला की हत्या के पीछे क्या वजह थी।

ये भी पढ़ें

प्लीज पापा रहम करो, हम आपकी बेटी हैं…फिर भी नहीं पसीजा बाप का दिल, रात में ही ठांय-ठांय

2023 में इसी तरह हुई थी महिला के पति की हत्या

मृतक महिला की पहचान रचना यादव के रूप में हुई है। रचना के पति विजेंदर यादव की भी साल 2023 में इसी तरह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को दोनों हत्याओं के आपस में जुड़े होने का शक है। उनका मानना है कि हो सकता है विजेंदर की हत्या के आरोपियों ने ही रचना की हत्या को अंजाम दिया हो। रचना की मौत के बाद उसके परिवार में मातम छा गया है। परिवार के सभी लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पिता की हत्या के मास्टरमाइंड ने मां की हत्या कराई

रचना की बेटी ने बताया कि उसकी मां उसके पिता के मर्डर केस की मुख्य गवाह थीं। बेटी का दावा है कि इसी वजह से आरोपियों ने उसकी मां की हत्या कर दी। उसने बताया कि उसके पिता की हत्या में कुल छह लोग शामिल थे जिनमें से चार-पांच को पुलिस ने पकड़ लिया है। लेकिन भारत यादव नामक एक आरोपी जो कि इस हत्या का मास्टरमाइंड था वह अभी भी जेल से बाहर है और लंबे समय से फरार चल रहा है। भारत अलसवा इलाके में बेकरी चलाता था। रचना की बेटी के अनुसार भारत ने ही उसकी मां की हत्या की साजिश रची है।

मृतका की बेटी ने आरोपियों को फांसी दिए जाने की मांग की

मृतका की बेटी ने अपने माता-पिता को इंसाफ दिलाने के लिए कोर्ट में अपील की है और आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की है। मामले की पुष्टि करते हुए डीसीपी नॉर्थ-वेस्ट भीष्म सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 11 बजे पीसीआर कॉल के जरिए घटना की जानकारी मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने रचना के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि रचना शालीमार बाग में रहती थी। उसकी दो बेटियां हैं, जिनमें से बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है और छोटी बेटी उसके साथ ही रहती थी।

पुलिस दोनों हत्याओं को जोड़कर मामले की जांच कर रही है

पुलिस ने बताया कि रचना किसी के घर से लौट रही थी, तभी अचानक एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर हमला कर दिया। हमलावर ने रचना के सिर में गोली मारी और मौके से फरार हो गया। गोली लगने से रचना की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच के अनुसार यह मामला आपसी रंजिश या पारिवारिक दुश्मनी का लग रहा है। रचना की हत्या के मामले की जांच उसके पति की हत्या के केस से जोड़ कर की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Updated on:
10 Jan 2026 05:05 pm
Published on:
10 Jan 2026 04:40 pm
Also Read
View All

अगली खबर