
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्नब बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट पर पहुंचा। भारतीय मौसम विभाग (आइएमडी) के मुताबिक सुबह 5:30 बजे तक तूफान लगभग स्थिर था और उसका केंद्र तट के बेहद करीब था, इसलिए तट पार करने की प्रक्रिया दो-तीन घंटे और चली। तूफान ने सुबह 2 से 8 बजे के बीच आंध्र और पुडुचेरी के क्षेत्र यनम का तट पार किया। उस समय तूफान अत्यंत भीषण श्रेणी का था।
हवाएं 125 से 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं और हवा के झोंके 150 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार तक पहुंचे। सुबह 8:30 बजे इसका केंद्र काकीनाडा से करीब 60 किमी दक्षिण-पश्चिम में था। आइएमडी के अनुसार अगले 48 घंटे में यह उत्तर से उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए दक्षिणी ओडिशा के रास्ते छत्तीसगढ़ की ओर जाएगा और धीरे-धीरे कमजोर होगा। अगले छह घंटे में यह साधारण चक्रवाती तूफान और फिर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। तूफान के चलते आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत हुई है।
मौसम मॉडलों के आधार पर वैज्ञानिकों ने आशंका जताई है कि अर्नब के बाद बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान बन सकता है, जो कुछ दिनों में ओडिशा तट की ओर बढ़ सकता है। दक्षिण-पश्चिम खाड़ी में सक्रिय कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को कमजोर पड़ गया था। हालांकि इसके बनने के समय और रास्ते पर मॉडलों में एकराय नहीं है।
छत्तीसगढ़: 50-60 किमी प्रति घंटे की हवाओं से धान की फसल गिरी। 29 अक्टूबर को भी भारी बारिश संभव। बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, गरियाबंद में रेड अलर्ट।
मध्य प्रदेश: बुधवार को सतना, उमरिया, कटनी में बारिश हुई। अगले 24 घंटे में सिंगरौली, सीधी, मऊगंज समेत पूर्वी हिस्से में अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट। रीवा, सतना, शहडोल, मंडला, बालाघाट सहित नौ जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट। भोपाल, ग्वालियर समेत पश्चिमी जिलों में तेज हवा-बारिश संभव।
राजस्थान: गुरुवार से तीन दिन 25 से ज्यादा जिलों में हल्की-मध्यम बारिश, 30-40 किमी की हवाएं। नवंबर के पहले सप्ताह में सर्दी बढ़ेगी।
आंध्र प्रदेश: तटीय इलाकों में 28 अक्टूबर को बेहद भारी बारिश की चेतावनी। रायलसीमा में 1 नवंबर तक गरज-चमक।
ओडिशा: दक्षिणी जिलों में बहुत भारी बारिश और ऊंची लहरों की आशंका।
पश्चिम बंगाल: कोलकाता में 19.1 मिमी बारिश। तटीय और पश्चिमी जिलों में शुक्रवार तक, दार्जिलिंग समेत उत्तरी जिलों में शनिवार तक भारी बारिश संभव। समुद्र में जाने पर रोक, मछुआरों को गुरुवार तक चेतावनी।
झारखंड: शुक्रवार तक भारी बारिश का अलर्ट। रांची समेत चार जिलों में स्कूल बंद।
दिल्ली: 29 को मध्यम, 30 को गरज के साथ बारिश।
उत्तर प्रदेश: बारिश का अलर्ट जारी।