राष्ट्रीय

Delhi Air Pollution: बर्फीली हवाओं के चलते वायु प्रदूषण से राहत, जानिए लगातार तीसरे दिन कैसी है एयर क्वालिटी

Delhi Air Pollution राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण से लोगों को राहत मिली है। इस राहत की बड़ी वजह पाबंदियां नहीं बल्कि पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा को बताया जा रहा है। हवा के चलते प्रदूषण के स्तर में तीसरे दिन करीब 100 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन अब भी हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है।
2 min read
• •
Updated: 8 Dec 2021, 9:04 AM IST
Delhi Air Pollution
Delhi Air Pollution

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बढ़ रहे वायु प्रदूषण ( Delhi Air Pollution ) के बीच लोगों ने लगातार तीसरे दिन राहत भरी सांस ली है। दरअसल इस राहत की बड़ी वजह पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा ( Cold Wave ) है, जिसकी वजह से स्मॉग वातारवरण में ज्यादा देर टिक नहीं पा रहा। हालांकि अब भी राजधानी की हवा खराब श्रेणी में ही है। यानि लोगों की सांसों पर संकट बरकरार है। बुधवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी से सुधर कर ‘खराब’ हो गई है।

केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च ( SAFAR ) की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स ( AQI ) 235 दर्ज किया गया है। जो काफी दिनों बाद देखने को मिला है।

दिल्ली की हवा में सुधार देखने को मिल रहा है। हालांकि इस सुधार के पीछे लगी हुई पाबंदियां नहीं बल्कि पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा को बताया जा रहा है। बीते दिनों पहाड़ों से आ रही हवा के रुख से राजधानी की हवा गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है।

बुधवार को लगातार तीसरे दिन एक्यूआई पहले के मुकाबले राहत भरा रहा। बुधवार को जहां AQI 235 दर्ज किया गया वहीं मंगलवार को ये आंकड़ा 255 था, जबकि सोमवार को 322 दर्ज किया गया। यानी लगातार तीसरे दिन एक्यूआई में अच्छा सुधार देखने को मिला है। महज 48 घंटे में इसमें 100 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है।

जानकारों की मानें तो ये फौरी राहत है, क्योंकि आगे जैसे ही ठंड बढ़ेगी प्रदूषण के स्तर में भी इजाफा होगा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक फिलहाल प्रदूषण से राहत नहीं मिलने वाली है और आने वाले 3 दिनों में स्थिति और खराब हो सकती है।

ठंड, कोहरे और हवा की रफ्तार कम होने वाली है, जिससे अगले तीन दिनों के बीच राजधानी के प्रदूषण में इजाफा होने के आसार हैं।

12 दिसंबर रहेगी रोक
दिल्ली-एनसीआर ( Delhi NCR ) में वायु प्रदूषण के खतरे से निपटने के लिए मंगलवार को एक बार फिर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ( CAQM ) की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उन सभी उद्योगों को तत्काल बंद करने का आदेश दिया, जिन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में उनकी उपलब्धता के बावजूद स्वच्छ ईंधन पर स्विच नहीं किया है। फिलहाल ये रोक 12 दिसंबर तक लागू रहेगी। इसके बाद आगे की स्थिति को देखते हुए फैसला लिया जाएगा।

Published on: