राष्ट्रीय

दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिली खोपड़ी, CISF ने पकड़ा, हैदराबाद जा रहा था यात्री

दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर CISF ने सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के हैंड बैग से खोपड़ी जैसा अवशेष बरामद किया। यात्री ने इसे बंदर की खोपड़ी बताया। पुलिस वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामले की जांच कर रही है।
2 min read
delhi-airport
दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिली खोपड़ी। (Photo X @CISFHQrs)

नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने एक यात्री के हैंड बैग से खोपड़ी जैसा संदिग्ध अवशेष बरामद किया है। जिसके बाद CISF और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।

जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई। यात्री दिल्ली से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट में सवार होने वाला था। प्री-एंबार्केशन सिक्योरिटी चेक के दौरान एक्स-रे मशीन में जवानों को हैंड बैग के अंदर एक संदिग्ध चीज नजर आई। शंका होने पर जब बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से खोपड़ी जैसा अवशेष बरामद हुआ।

पूछताछ में बंदर की खोपड़ी होने का दावा

हैंड बैग से खोपड़ी बरामद होने के बाद जब सीआईएसएफ अधिकारियों ने यात्री से कड़ी पूछताछ की, तो उसने बताया कि यह किसी इंसान की नहीं बल्कि बंदर की खोपड़ी है। हालांकि, मामला संवेदनशील और वन्यजीवों से जुड़ा होने के कारण सीआईएसएफ ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

अधिकारियों ने मामले की गंभीरता और वन्यजीव तस्करी या उल्लंघन की आशंका को देखते हुए यात्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अब वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत मामले की जांच कर रही है कि यात्री यह खोपड़ी कहां से लाया था और इसे ले जाने का उद्देश्य क्या था।

जनवरी में भी मिला था कंकाल जैसा ढांचा

गौरतलब है कि 24 जनवरी को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर एक बॉक्स में मानव कंकाल जैसा ढांचा मिलने से हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंची थीं।

जांच में बाद में सामने आया कि बॉक्स में रखा ढांचा असली मानव कंकाल नहीं, बल्कि मेडिकल कॉलेजों में अध्ययन के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला मॉडल था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, एक यात्री विमान में मॉडल ले जाना चाहता था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने पर उसने बॉक्स एयरलाइन स्टाफ के पास छोड़ दिया था। बाद में हाउसकीपिंग कर्मचारियों की नजर बॉक्स पर पड़ी और उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सूचना दी थी।

Updated on:
12 Aug 2026 10:48 am
Published on:
12 Aug 2026 10:48 am