
अडानी को US कोर्ट से राहत मिलने पर राहुल गांधी ने PM मोदी पर साधा निशाना (फोटो सोर्स-ANI)
Gautam Adani Case: अमेरिकी अदालत से उद्योगपति गौतम अडानी और उनके सहयोगियों को आपराधिक मामलों से राहत मिलते ही भारत में नया राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। जहां एक तरफ अडानी समूह ने इस फैसले का स्वागत किया है। दूसरी तरफ लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सोशल मीडिया पोस्ट कर आरोप लगाया कि एक 'समझौतावादी पीएम' को भारत के हितों को बेचने के लिए मजबूर किया गया और देश आज इसकी भारी कीमत चुका रहा है।
अमेरिकी अदालत का फैसला आते ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। राहुल गांधी ने लिखा कि इस पूरे मामले के पीछे की कहानी कुछ और ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक समझौतावादी प्रधानमंत्री को देश के हितों से समझौता करने के लिए मजबूर किया गया, जिसकी भारी कीमत आज पूरा भारत चुका रहा है।
न्यूयॉर्क की जिला अदालत के जज निकोलस गारॉफिस ने गौतम अडानी, सागर अडानी और विनीत जैन पर लगे आपराधिक आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। मामले को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए अडानी और अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (SEC) के बीच एक समझौता हुआ है। जिसके तहत अडानी बिना किसी जुर्म को स्वीकार किए 18 मिलियन डॉलर की राशि देंगे और सिविल (दीवानी) केस को समाप्त करेंगे।
अमेरिकी न्याय विभाग ने 2024 में अडानी समूह पर गंभीर आरोप लगाए थे। अभियोग में कहा गया था कि भारत में सोलर एनर्जी से जुड़े ठेके हासिल करने के लिए करीब 265 मिलियन डॉलर की रिश्वत की योजना बनाई गई थी। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को गुमराह करने के भी आरोप लगाए गए थे।
सोमवार को आए अंतिम फैसले से पहले ही इस केस में मोड़ आने लगे थे। अमेरिकी न्याय विभाग ने मई में ही संकेत दिए थे कि वे इस मामले को आगे बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं। इसके बाद अमेरिकी प्रिंसिपल एसोसिएट डिप्टी अटॉर्नी जनरल ट्रेंट मैककॉट्टर ने बयान दिया था कि अडानी समूह पर ये आरोप शुरुआत में लगाए ही नहीं जाने चाहिए थे।
कानूनी लड़ाई खत्म होने के बाद अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने फैसले का स्वागत किया। उन्होंने X पर लिखा वह अमेरिकी न्याय व्यवस्था का सम्मान करते हैं। कठिन समय में भी उनका सच और कानून पर भरोसा बना रहा। अडानी ने उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने मुश्किल दौर में उन पर और भारत की न्याय व्यवस्था पर भरोसा बनाए रखा।
Updated on:
12 Aug 2026 12:33 pm
Published on:
12 Aug 2026 12:23 pm
