राष्ट्रीय

आतिशबाजी की रात, जहरीली सुबह: दिल्ली में AQI 449 पार, सांस लेना हुआ मुश्किल

दिवाली की आतिशबाजी के बाद दिल्ली-NCR में घना स्मॉग छाया। सोनिया विहार में AQI 449 दर्ज, 15 स्टेशनों पर 'गंभीर' श्रेणी। जानें सबसे प्रदूषित इलाके और कारण।
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 8:10 AM IST
Delhi NCR Pollution
दिल्ली में दिवाली के बाद प्रदूषण का विस्फोट, AQI 449 ने बढ़ाई चिंता, Photo- ChatGpt

Delhi Air Pollution: दिवाली की रात हुई भारी आतिशबाजी के कारण दिल्ली-NCR की हवा जहरीली हो गई है और सोनिया विहार इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 449 तक पहुंच गया है। सोमवार सुबह राजधानी और उसके आसपास के इलाकों में घने स्मॉग और प्रदूषण की एक मोटी चादर देखी गई, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई और लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सरकार ने की ग्रीन पटाखे जलाने की अपील

दिल्ली सरकार ने दिवाली से पहले लोगों से सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन करने और केवल ग्रीन पटाखे जलाने की अपील की थी। पूर्वी दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के मुताबिक, 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि देर रात तक दिल्ली के कई इलाकों में पटाखों की गूंज सुनाई देती रही। दिल्ली एनसीआर क्षेत्र के आसमान में पटाखों का धुंआ साफ नजर आया।

सोनिया विहार में AQI 463, जहांगीरपुरी 450 पार

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को दिवाली की रात 10 बजे दिल्ली के 59 मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 20 पर हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में थी। छह स्टेशन ‘खराब’ और बाकी 33 स्टेशन ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज किए गए।
सोनिया विहार में सबसे ज्यादा प्रदूषण दर्ज किया गया, जहां AQI 463 तक जा पहुंचा। इसके अलावा जहांगीरपुरी में 450 AQI रिकॉर्ड हुआ। बुराड़ी, अलीपुर और पंजाबी बाग जैसे इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहा।

सोनिया विहार, जहांगीरपुरी, पंजाबी बाग, बुराड़ी, ओखला और रोहिणी उन इलाकों में शामिल रहे, जहां पूरे दिन हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई। लुटियंस दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के इलाके तुलनात्मक रूप से प्रदूषण के मामले में थोड़े बेहतर रहे लेकिन वे भी 'बेहद खराब' श्रेणी में ही हैं (जैसे राजीव चौक पर 381 और साउथ एक्सटेंशन में 360)।

प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारण

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) और विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदूषण के इस खतरनाक स्तर पर पहुंचने के दो मुख्य कारण हैं। रात भर नियमों की अनदेखी कर चलाई गई भारी आतिशबाजी इसका सबसे बड़ा तात्कालिक कारण है। हवा की धीमी गति (10 किमी/घंटे से कम) और कम तापमान के कारण प्रदूषक कण (PM2.5) हवा में ऊपर नहीं उड़ पाए और सतह के पास ही जमा हो गए।
इसके साथ ही आस-पास के राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं का योगदान भी लगभग 3% के करीब बना हुआ है।

Updated on:
9 Nov 2026, 8:10 AM IST
Published on:
Also Read
View All