राष्ट्रीय

हिमाचल में अरविंद केजरीवाल की रैली में हंगामा, दिल्ली CM के सामने लगे मुर्दाबाद के नारे, बीच में छोड़ना पड़ा भाषण

Arvind Kejriwal Solan Roadshow: हिमाचल प्रदेश में आज दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल को लोगों के विरोध का सामना पड़ा। सोलन में एक रोड-शो के दौरान लोगों ने केजरीवाल के सामने मुर्दाबाद के नारे लगाए। जिसके बाद रैली में मारपीट और हंगामा हो गया।
2 min read
• •
Updated: 3 Nov 2022, 8:12 PM IST
arvind_kejriwal_sad.jpg
Delhi CM Arvind Kejriwal roadshow in Solan Himachal Pradesh

Arvind Kejriwal Solan Roadshow: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़े नेताओं की रैली, रोड-शो और जनसभाओं का दौर जारी है। इसी कड़ी में आज आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की हिमाचल के सोलन में एक रोड-शो आयोजित थी। लेकिन इस रोड-शो में मारपीट और हंगामा हो गया, जिसके चलते अरविंद केजरीवाल को अपना भाषण बीच में छोड़कर दिल्ली वापस लौटना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को हिमाचल के सोलन में आयोजित अरविंद केजरीवाल की रैली में हंगामा हो गया। बताया गया कि जब सोलन में केजरीवाल रोड-शो कर रहे थे तभी उनके सामने लोग मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। इस पर AAP कार्यकर्ता नारे लगाने वालों से भिड़ गए। फिर दोनों ओर से जमकर लात-घूंसे चले। मारपीट के बीच स्थिति यह बनी कि केजरीवाल को बीच में ही भाषण छोड़कर लौटना पड़ा।

बताया गया कि केजरीवाल सोलन शहर में पुराने DC ऑफिस से खुली गाड़ी में सवार होकर रोड-शो के लिए निकले थे। उनके साथ शिमला संसदीय क्षेत्र की 17 विधानसभा सीटों के पार्टी के उम्मीदवार और कार्यकर्ता भी थे। खुली गाड़ियों में उनका रोड शो पुराने बस स्टैंड पहुंचा, जहां केजरीवाल ने भाषण देना शुरू ही किया था कुछ लोग केजरीवाल मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे।


नारे लगाने वालों ने ETT-TET पास अध्यापक एसोसिएशन के पर्चे भी उछाले। नेता के सामने मुर्दाबाद के नारे लगते देख आप कार्यकर्ता भी आक्रोशित हो उठे। जिसके बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नारे लगाने वालों को पीटते हुए धक्के देना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों ओर से लात-घूंसे चलने लगे। माहौल खराब होता देख पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए नारेबाजी करने वालों को रोड-शो से हटा दिया।


लेकिन इसी दौरान केजरीवाल ने यह कहते हुए अपना भाषण बंद कर दिया कि अगर किसी को गुंडागर्दी ही करनी है तो वह भाजपा या कांग्रेस के पास चले जाएं। मालूम हो कि हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को एक ही चरण में वोटिंग होनी है। दिल्ली और पंजाब में जीत दर्ज करने वाली आम आदमी पार्टी अब हिमाचल के साथ-साथ गुजरात में भी पूरे दमखम के चुनावी मैदान में है। लेकिन इन दोनों राज्यों के कई स्थानों से केजरीवाल के विरोध की खबरें भी सामने आती रही है।

Published on: