राष्ट्रीय

यूट्यूबर ध्रुव राठी की बढ़ी मुश्किलें, 8 साल पुराने मामले में कोर्ट ने जारी किया गैर जमानती वारंट

दिल्ली की अदालत ने 2018 के मानहानि मामले में यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। यह मामला बीजेपी IT सेल पर रिश्वत की कोशिश का आरोप लगाने वाले उनके वीडियो से जुड़ा है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 2:00 PM IST
YouTuber Dhruv
ध्रुव राठी (फोटो सोर्स- IANS)

Dhruv Rathee Defamation Case: जाने-माने यूट्यूबर ध्रुव राठी की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। सोमवार को दिल्ली की एक अदालत ने 2018 के मानहानि मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया। यह आदेश ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास अनाम रईस खान की अदालत ने विकास संस्कृत्यायन उर्फ विकास पांडे द्वारा दायर मामले में दिया है। इससे पहले, अदालत ने राठी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया था। इस मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को होगी।

2018 का यह मानहानि मामला क्या है?

यह कानूनी विवाद मई 2018 में ध्रुव राठी द्वारा बनाए गए एक वीडियो से जुड़ा है। वीडियो का नाम 'BJP IT Cell Part II' था। इस वीडियो में आरोप लगाया गया था कि भारतीय जनता पार्टी के IT सेल ने शिकायतकर्ता विकास पांडे को उन्हें बदनाम करने के लिए पैसे देने की कोशिश की थी।

इस वीडियो को ध्रुव राठी के सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किया गया था और उस समय दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे अरविंद केजरीवाल ने भी इसे रीट्वीट किया था। इसके बाद विकास पांडे ने आरोपों को गलत बताते हुए ध्रुव राठी और अरविंद केजरीवाल दोनों के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था।

पहले भी जारी हो चुका है वारंट

इस मामले में अदालत पहले ही राठी के खिलाफ दो बार जमानती वारंट 17 अक्टूबर और 31 अक्टूबर को जारी कर चुकी थी। इससे पहले 12 अक्टूबर को अदालत ने शिकायतकर्ता की ओर से दायर एक अर्जी मंजूर कर ली थी, जिसमें मामले की जल्द सुनवाई और राठी के खिलाफ हाथ से दी जाने वाली समन जारी करने की मांग की गई थी।

3 दिसंबर को होगी सुनवाई

शिकायतकर्ता के वकील समक्ष शर्मा ने अदालत में दलील दी थी कि ध्रुव राठी विदेश में रहते हैं, इसलिए कई सालों से उन्हें समन नहीं पहुंचाया जा सका है। जिसके बाद अब अदालत ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई 3 दिसंबर को तय की गई है।

Updated on:
23 Nov 2026, 2:00 PM IST
Published on: