दिल्ली के शाहदरा इलाके में एक बेटी ने झगड़े के चलते अपने पिता की हत्या कर दी। बेटी ने फ्राइंग पैन से पिता के सिर पर हमला किया जिसके चलते उनकी मौत हो गई।
राजधानी दिल्ली में एक दिल दहला देने वाले मामले का खुलासा हुआ है। यहां एक कलयुगी बेटी ने आपसी झगड़े के चलते अपने पिता की हत्या कर दी। मामला शहर के शाहदरा इलाके का है, जहां बुधवार दोपहर एक 32 साल की बेटी को कथित तौर पर अपने 55 साल के पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसी बात से नाराज होकर बेटी ने पिता के सिर पर फ्राइंग पैन से हमला कर दिया, जिसके चलते उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान टेक चंद गोयल के रूप में की गई है, जो कि रामनगर के रहने वाले थे। गोयल की बेटी अनु ने झगड़े के चलते उनकी हत्या कर दी। गोयल को बुधवार दोपहर करीब 3:56 बजे घायल और बेहोश हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद अस्पताल ने पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तुंरत अस्पताल पहुंच घटना की जांच शुरु की जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। शुरुआती जांच के आधार पर, पुलिस ने अनु को हिरासत में ले लिया है।
अनु अविवाहिता है और अपने माता-पिता के साथ रहती है। अनु के भाई शिवम ने पुलिस को बताया कि, वह बौद्धिक रूप से दिव्यांग है और उसका इलाज चल रहा है। परिवार के अनुसार, अनु की अपने पिता टेक चंद गोयल से अक्सर लड़ाई होती रहती थी। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था जिसके बाद अनु ने पिता पर फ्राइंग पैन से हमला कर दिया।
घटना के समय अनु और उसके पिता के अलावा, अनु की मां बाला देवी और उसकी भाभी प्रिया (29) भी घर पर मौजूद थी। प्रिया ने ही अपने पति शिवम को फोन कर इस घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद शिवम घर पहुंचा और अपने पिता को अस्पताल लेकर गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या के लिए सज़ा) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, और जांच के तहत परिवार के अन्य सदस्यों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।