
सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) 10 नवंबर को रिलीज़ हुई और रिलीज़ होते ही चर्चा का विषय बन गई। कांग्रेस (Congress) और इंडिया गठबंधन के अन्य राजनीतिक दलों के नेता जहाँ जमकर सोनिया की इस किताब की तारीफ कर रहे हैं, तो वहीँ बीजेपी (BJP) और उसकी समर्थक पार्टियों के नेता इस किताब पर निशाना साध रहे हैं। इस किताब से सिख समुदाय काफी नाराज़ है।
दिल्ली गुरुद्वारा सिख कमेटी ने 1984 के सिख पीड़ितों के साथ मिलकर सोनिया की किताब को जलाया और इसके खिलाफ अपना विरोध प्रदर्शित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस किताब में सोनिया ने गलत तथ्य लिखे हैं।
सोनिया की किताब में 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार और उसके बाद हुए सिख विरोधी दंगों पर कई बातें लिखी गई हैं। किताब में सोनिया ने लिखा है कि स्वर्ण मंदिर पर सैन्य कार्रवाई के बाद हुई तबाही की तस्वीरें देखकर इंदिरा गांधी आंसू बहा रही थीं। वह दंगों को दुखद और शर्मनाक अध्याय बताती हैं तथा स्वीकार करती हैं कि कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता हिंसा में शामिल थे। साथ ही सोनिया ने इसमें राजीव गांधी को क्लीन चिट देते हुए लिखा कि उनके मन में सिखों के प्रति कोई नफरत नहीं थी और सेना की तैनाती में देरी की वजह से दंगों ने भीषण रूप लिया और सेना की तैनाती में देरी सेना प्रमुख का फैसला था।
इन सब बातों से सिख समुदाय नाराज़ है। सिख नेताओं और आलोचकों का आरोप है कि सोनिया की किताब में लिखी गई ये बातें इतिहास को सफेद करने जैसा है। दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने किताब को 'झूठों का पुलिंदा' और 'जर्नी ऑफ हेट' बताया। उनका कहना है कि इंदिरा गांधी के आंसुओं का ज़िक्र 'मगरमच्छ के आंसू' हैं, क्योंकि 42 साल बाद यह बात कही जा रही है। किताब में दर्जनों गुरुद्वारों पर हुए हमलों, सुनियोजित हिंसा और सज्जन कुमार, जगदीश टायटलर जैसे नेताओं का नाम नहीं लिया गया। आलोचक कहते हैं कि सिख परिवारों के दर्द, विधवाओं और अनाथों की पीड़ा का ज़िक्र तो है, लेकिन ज़िम्मेदारी और जवाबदेही का कोई सवाल नहीं उठाया गया। शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी नेताओं का मानना है कि किताब गांधी परिवार को दोषमुक्त करने की कोशिश है। उनके अनुसार सिख समुदाय सहानुभूति नहीं, बल्कि सच्चाई, जवाबदेही और न्याय चाहता है।