राष्ट्रीय

PM मोदी के साथ महिला की डीपफेक फोटो पर दिल्ली HC सख्त, अभिजीत दीपके समेत 4 CJP नेताओं को नोटिस

Delhi High Court on Deepfake Photo: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक महिला की कथित रूप से मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने CJP से जुड़े चार नेताओं को नोटिस जारी किया है। अदालत ने महिला को पुलिस सुरक्षा देने और Meta के प्लेटफॉर्म से संबंधित सामग्री हटाने के निर्देश दिए हैं।
2 min read
Abhijeet Dipke
अभिजीत दिपके। फाइल फोटो- आईएएनएस

Delhi High Court: दिल्ली हाई कोर्ट ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक महिला की कथित तौर पर मॉर्फ्ड और आपत्तिजनक तस्वीरें फैलाए जाने के मामले को गंभीरता से लिया है। कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सौरभ दास, अभिजीत दिपके, आशुतोष रंका और रत्ना सिंह को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा है। इसके अलावा, कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया है कि वह याचिकाकर्ता को चौबीसों घंटे पूरी सुरक्षा मुहैया कराए और यह सुनिश्चित करे कि उसकी पहचान और घर का पता पूरी तरह गोपनीय रहे।

यह सिर्फ एक महिला का नहीं, देश के प्रधानमंत्री का मामला है : कोर्ट

मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस गिरीश ने स्थिति को बेहद गंभीर और असाधारण बताया। कोर्ट ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा, "यह एक असाधारण स्थिति है जहां मामला सिर्फ एक महिला तक सीमित नहीं है, यह देश के प्रधानमंत्री से जुड़ा मुद्दा भी है। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि दिल्ली पुलिस इस मामले में पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करे।"

मेटा को आपत्तिजनक कंटेंट हटाने और पुलिस को स्टेटस रिपोर्ट देने के निर्देश

कोर्ट ने Meta को निर्देश दिया कि वह जांच एजेंसी से संबंधित वेब लिंक मिलने के 24 घंटे के भीतर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से सभी आपत्तिजनक पोस्ट और फोटो तुरंत हटा दे। इसके अलावा कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया कि वह दर्ज FIR पर की गई कार्रवाई के बारे में एक हफ्ते के भीतर कोर्ट में विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करे और याचिकाकर्ता को दी गई सुरक्षा के बारे में दो हफ्ते के भीतर कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल करे।

विरोध प्रदर्शन के दौरान फोटो फैलाए जाने का आरोप

याचिकाकर्ता ने कोर्ट में आरोप लगाया था कि CJP के विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के साथ उसकी फोटो को आपत्तिजनक तरीके से मॉर्फ करके सोशल मीडिया पर शेयर किया था, तब से उसे लगातार गंभीर धमकियां मिल रही हैं। महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाई कोर्ट ने निर्देश दिया कि उसका घर का पता केवल संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ ही साझा किया जाए ताकि उसकी सुरक्षा में कोई चूक न हो।

Updated on:
25 Sept 2026 04:57 pm
Published on:
25 Sept 2026 04:48 pm