राष्ट्रीय

‘मंत्री को करो गिरफ्तार’, दिल्ली में प्रवेश वर्मा द्वारा युवक को थप्पड़ मारने पर सियासत गर्म, AAP ने दी चेतावनी

Pravesh Verma Slapped Man: दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद सियासी विवाद बढ़ गया है। आम आदमी पार्टी ने कार्रवाई की मांग की है, जबकि अरविंद केजरीवाल ने प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की।
2 min read
• •
Sep 27, 2026
Pravesh Verma slapping incident Tilak Nagar
प्रवेश वर्मा द्वारा युवक को थप्पड़ मारने पर AAP ने दी चेतावनी (Photo-IANS)

Pravesh Verma slaps youth in Tilak Nagar: दिल्ली में रविवार को मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान एक युवक को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वहीं अब दिल्ली की सियासत भी गर्म हो गई है। आम आदमी पार्टी ने घटना पर प्रतिक्रिया देते चेतावनी दी है। पूर्व सीएम केजरीवाल ने कहा कि मंत्री प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी होनी चाहिए।

AAP विधायक ने क्या कहा?

घटना को लेकर आप विधायक जरनैल सिंह ने कहा कि जब बीजेपी के मंत्री प्रवेश वर्मा को मौके पर रंगे हाथों पकड़ा गया, तो वह किस तरह गुस्से में आ गए। उन्होंने घटना की रिकॉर्डिंग कर रहे व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया- बिल्कुल गुंडे की तरह व्यवहार किया। जिस तरह वह चोर की तरह मौके से भाग निकले, वह सब कैमरे में कैद हो गया है।

आप विधायक ने आगे कहा कि मैंने सोचा था कि वह सड़क का निरीक्षण करेंगे, सड़क की गुणवत्ता देखेंगे और शायद PWD के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने मुझसे पूछा कि सड़क कहां खराब हो रही है। जब मैंने उन्हें दिखाया कि पूरी सड़क की ऊपरी सतह कालीन की तरह उखड़ रही है, तो कार्रवाई करने के बजाय उन्होंने घटना की रिकॉर्डिंग कर रहे व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया और मौके से भाग गए।

पुलिस ने मंत्री को हिरासत में नहीं लिया- AAP विधायक

उन्होंने कहा कि हमने इस घटना की सूचना देने के लिए आपातकालीन नंबर 112 पर फोन किया है। हैरानी की बात यह है कि जब यह घटना हुई, उस समय विकासपुरी थाने के SHO भी मौके पर मौजूद थे, फिर भी उन्होंने मंत्री को हिरासत में नहीं लिया, बल्कि उन्होंने मंत्री को वहां से निकलने में मदद की।

आप नेता ने कहा कि हम इस जगह को तब तक नहीं छोड़ेंगे, जब तक मंत्री वर्मा को गिरफ्तार नहीं किया जाता और उनके खिलाफ FIR दर्ज नहीं होती।

उन्होंने कहा कि जहां तक हमारे अगले कदम का सवाल है-हम दिल्ली पुलिस कमिश्नर से मांग करते हैं कि वे बाहरी दबाव से मुक्त होकर मंत्री वर्मा के खिलाफ वही कानूनी कार्रवाई करें, जो किसी अन्य अपराधी के खिलाफ की जाती।

आप नेता आतिशी ने प्रवेश वर्मा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मंत्री को शर्म करनी चाहिए। पहले तो चोरी, ऊपर से सीना जोरी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पैसा खा कर खराब सड़क बनाई और जब किसी ने सवाल पूछा तो उससे खुलेआम थप्पड़ मार दिया। बेशर्मी की हद है। दिल्ली पुलिस को तुरंत मंत्री वर्मा को गिरफ्तार करना चाहिए।

Updated on:
27 Sept 2026 05:22 pm
Published on:
27 Sept 2026 05:07 pm