
Delhi Traffic Jam: दिवाली से पहले खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ रही भीड़ का असर अब दिल्ली-NCR की सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है। राजधानी के कई इलाकों में मंगलवार को भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिला। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। धौला कुआं इलाके में भी रात के समय यातायात की रफ्तार थम गई।
मंगलवार रात 9 बजे सामने आए विजुअल्स में धौला कुआं की सड़कों पर बड़ी संख्या में वाहन फंसे नजर आए। त्योहार की खरीदारी के लिए बाजारों में बढ़ी भीड़ को जाम की एक प्रमुख वजह बताया जा रहा है।
इससे पहले 2 नवंबर को भी दिल्ली और आसपास के इलाकों में लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा था। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से प्रदूषण नियंत्रण नियमों के तहत सख्ती किए जाने के बाद दिल्ली-गुरुग्राम, दिल्ली-नोएडा और दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। इस दौरान कई यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा। पुलिस ने रविवार से सोमवार दोपहर तक कुल 7,657 वाहनों की जांच की थी। प्रदूषण मानकों का पालन नहीं करने वाले 609 वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने से रोक दिया गया और उन्हें वापस लौटा दिया गया।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, GRAP के तहत 31 अक्टूबर की आधी रात से 2 नवंबर की दोपहर तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई और 433 चालान काटे गए।
इसके अलावा 76 कमर्शियल वाहनों के परमिट निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। इनमें 10 वाहन दिल्ली में रजिस्टर्ड हैं, जबकि 66 दूसरे राज्यों के हैं। दूसरे राज्यों में पंजीकृत वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरणों को सिफारिश भेजी गई है।
त्योहारी खरीदारी के कारण बाजारों और प्रमुख सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ी है। दूसरी ओर, प्रदूषण नियंत्रण के लिए दिल्ली में वाहनों की जांच और नियमों का पालन कराने के अभियान से बॉर्डर पर भी यातायात प्रभावित हुआ। ऐसे में दिल्ली-NCR के कई प्रमुख मार्गों पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।