राष्ट्रीय

Delhi Politics: दिल्ली चुनाव के नतीजों पर कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा- यह शून्य पिछले शून्य से काफी अलग है, बताए कारण

Congress: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में कांग्रेस का खाता नहीं खुला है। वहीं पिछले दो चुनावों में भी कांग्रेस का खाता नहीं खुला था।
2 min read
• •
Updated: 12 Feb 2025, 7:10 AM IST
Devender Yadav
Devender Yadav

Delhi Politics: दिल्ली विधानसभा चुनाव का परिणाम (Delhi Election Result) 8 फरवरी को घोषित हुआ था। दिल्ली में बीजेपी ने 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से भारतीय जनता पार्टी ने 48 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) को 22 सीटों पर जीत मिली। वहीं कांग्रेस (Congress) का इस बार भी खाता नहीं खुला। दिल्ली चुनाव 2020 और दिल्ली चुनाव 2015 में भी कांग्रेस का खाता नहीं खुला था। दिल्ली चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इस बार का पार्टी का प्रदर्शन पिछले प्रदर्शन से अलग है। हालांकि उन्होंने अपने आकलन के पीछे कारण भी बताए।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने बताए कारण

कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने दावा किया दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में पार्टी मतदाताओं के बीच यह धारणा बनाने में सफल रही है कि यह आप और बीजेपी के साथ त्रिकोणीय मुकाबले में है, न कि दोतरफा मुकाबला है। उन्होंने यह भी दावा किया दिल्ली चुनाव के परिणाम से कांग्रेस पार्टी को उम्मीद जगी है कि वह अपने मूल वोटरों- दलितों, अल्पसंख्यकों और वंचितों का समर्थन वापस जीतने में सफल होगी। 

‘यह हमारे लिए व्यक्तिगत क्षति’

कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस उन वोटरों का समर्थन फिर से हासिल कर सकती है जो उसके कार्यकाल के दौरान आम आदमी पार्टी के हो गए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा उनकी पहली पसंद रही है। उन्होंने कहा कि हम लगातार तीसरी बार दिल्ली में सत्ता नहीं बना सके यह हमारे लिए व्यक्तिगत क्षति है। लेकिन हम इस बार यह धारणा बनाने में सफल रहे कि यह दो-तरफा मुकाबला नहीं बल्कि त्रिकोणीय मुकाबला था।

‘इस बार का जीरो पिछले जीरो से अलग’

कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि इस बार हमने जो शून्य हासिल किया है वह पिछली बार के शून्य से बहुत अलग है। इसका कारण ये है कि इस चुनाव के बाद हमें उम्मीद है कि हम अपने मूल मतदाताओं का समर्थन वापस जीतने में सक्षम होंगे। उम्मीद है कि जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार नहीं है तो हम उन मतदाताओं का वोट शेयर वापस जीतने में सक्षम होंगे, जिनके लिए हम हमेशा पहली पसंद थे। दिल्ली में हार के बाद कांग्रेस- आप पर क्या बोले संजय राउत, देखें वीडियो...