राष्ट्रीय

दिल्ली धमाके से पहले 8 लोगों की गिरफ्तारी से गहराई आतंकी हमले की आशंका, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच

लाल किले के पास हुए धमाके से पहले तीन डॉक्टरों समेत आठ संदिग्ध गिरफ्तार, जिनके पास भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद हुए।
2 min read
Feature image
लाल किले में हुए धमाके से पहले 8 लोगों की गिरफ्तारी (IANS)

लाल किले (Red Fort) के पास सोमवार शाम को एक कार में हुए जोरदार विस्फोट ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास की कई गाड़ियां जल गईं और नजदीकी दुकानों की खिड़कियां टूट गईं। दिल्ली पुलिस, NIA और NSG की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच में जुट गई हैं। आज मंगलवार को फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम विस्फोट के मलबे की जांच करेगी।

आतंकी हमले की आशंका

दिल्ली पुलिस ने केस UAPA (अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट) की धारा 16 और 18, एक्सप्लोसिव्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दर्ज किया है। आशंका जताई जा रही है कि यह आतंकी साजिश का हिस्सा हो सकता है। पूरे देश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, सरकारी भवन और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। लाल किला 13 नवंबर तक पर्यटकों के लिए बंद रहेगा, जबकि चांदनी चौक मार्केट आज बंद है। अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों को इलाके से दूर रहने की सलाह दी है। लाल किला मेट्रो स्टेशन को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है। ट्रैफिक पर सख्त पाबंदियां लगाई गई हैं।

धमाके से पहले 8 लोगों की गिरफ्तारी

विस्फोट से ठीक पहले रविवार और सोमवार को गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से तीन संदिग्ध डॉक्टरों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया। आशंका है कि ये गिरफ्तारियां दिल्ली विस्फोट से जुड़ी हो सकती हैं। जांच एजेंसियों ने इन्हें जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसार गजवात-उल-हिंद (AGuH) जैसे पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों से लिंक बताया है। कुल 2,900 किलोग्राम विस्फोटक, हथियार और जैविक हथियार बनाने के सामान बरामद हुए।

  • डॉ. अहमद मोहियुद्दीन सैयद (गुजरात): रविवार को गुजरात ATS ने गांधीनगर के पास अदलाज से गिरफ्तार किया। उनके पास दो ऑस्ट्रियाई ग्लॉक पिस्तौलें, एक इतालवी बेरेटा पिस्तौल और 30 गोलियां बरामद हुईं। साथ ही 4 लीटर अरंडी का तेल मिला, जो घातक जहर राइसिन बनाने के लिए इस्तेमाल होता है। राइसिन कोशिकाओं को नष्ट कर अंग विफलता पैदा करता है। सैयद ने चीन से एमबीबीएस की डिग्री ली थी और दिल्ली, लखनऊ व अहमदाबाद के संवेदनशील स्थलों की रेकी की थी। उन्हें 17 नवंबर तक पुलिस कस्टडी में भेजा गया।
  • डॉ. मुजम्मिल शकील (जम्मू-कश्मीर): हरियाणा के फरीदाबाद में अल-फलाह अस्पताल में काम करने वाले इस डॉक्टर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। उनके किराए के घर से 2,900 किलोग्राम विस्फोटक (जिसमें 350 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट), दो असॉल्ट राइफलें (AK-56 और AK क्रिंकोव), डेटोनेटर, टाइमर, बैटरी और गोला-बारूद बरामद हुआ। शकील JeM से जुड़ा था और विस्फोटकों को सूटकेस में छिपाकर रखा था।
  • डॉ. आदिल अहमद राठेर (उत्तर प्रदेश): सहारनपुर से गिरफ्तार, जो श्रीनगर में JeM की तारीफ वाले पोस्टर लगाने के आरोपी थे। सीसीटीवी फुटेज से उनकी पहचान हुई। इससे पहले एक महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद को भी गिरफ्तार किया गया, जिसकी कार में असॉल्ट राइफल मिली।

पुलिस के मुताबिक, ये डॉक्टर 'व्हाइट कॉलर' टेरर नेटवर्क का हिस्सा थे, जो पाकिस्तान और आईएसआईएस हैंडलर्स से संपर्क में थे। विस्फोट वाली कार का मालिक तारिक (पुलवामा निवासी) हिरासत में है, और संदेह है कि कार में एक फिदायीन डॉ. उमर मोहम्मद सवार था।

आगे की जांच

एनआईए, एनएसजी और फॉरेंसिक टीमें अमोनियम नाइट्रेट या आरडीएक्स जैसे विस्फोटकों की जांच कर रही हैं। गिरफ्तारियों से दो बड़े हमलों को रोका गया, लेकिन दिल्ली विस्फोट से कनेक्शन की पुष्टि बाकी है।

Updated on:
11 Nov 2025 01:12 pm
Published on:
11 Nov 2025 01:12 pm
Also Read
View All