
Delhi terror Alert: भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली में आतंकी हमले का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में BJP ऑफिस और उसके आस-पास की सरकारी इमारतों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। भारतीय एजेंसियों को शक है कि आतंकी दीन दयाल उपाध्याय मार्ग (DDU) पर स्थिति इमारतों को आत्मघाती हमलों, कार ब्लास्ट, फायरिंग या IED के जरिए निशाना बना सकते हैं। फिलहाल किसी भी खतरे को टालने और निपटने के लिए सुरक्षाबलों की तरफ से कई एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
ANI सूत्रों के मुताबिक, 'दिल्ली राज्य भाजपा कार्यालय और डीडीयू मार्ग स्थित सरकारी कार्यालयों पर आतंकवादी हमले की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है, जिसके मद्देनजर किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।
दिल्ली में आतंकी हमले के अलर्ट के बाद दिल्ली पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों की तैनाती की गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बैरिकेडिंग और वाहनों की रैंडम चेकिंग की जा रही है।
बम निरोधक दस्तों, स्निफर डॉग यूनिट्स और क्विक रिएक्शन टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। दिल्ली फायर सर्विस को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील इलाकों में लावारिस वस्तुओं और खड़े वाहनों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। इसके अलावा संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हाल ही में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े पाकिस्तानी गैंगस्टर और आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। इस मामलेम में अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
इस केस की जांच के दौरान सामने आया कि इस मॉड्यूल से जुड़े लोग दिल्ली में टारगेट किलिंग की बड़ी साजिश तैयार कर रहे थे। एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली कि राजधानी दिल्ली के कुछ अहम इलाकों और एक प्रसिद्ध मंदिर की रेकी की गई थी। इन स्थानों के वीडियो बनाकर पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर्स को भेजे गए थे।
रिपोर्ट के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को यह इनपुट भी मिला है कि संवेदनशील स्थानों पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाया जा सकता है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस समेत सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और राजधानी में निगरानी बढ़ा दी गई है।