राष्ट्रीय

Delhi Weather News Update Today: दिल्ली में बर्फीली हवाएं देंगी दस्तक, अगले 24 घंटे में लुढ़केगा पारा, पड़ेगी कड़ाके की ठंड

Delhi Weather News Update Today राजधानी दिल्ली में अब मौसम का मिजाज बदलने जा रहा है। वायु प्रदूषण की मार झेल रहे दिल्ली के लोगों को अब कोहरे के साथ-साथ कड़ाके की ठंड का सामना करना होगा। आईएमडी के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में दिल्ली के तापमान में तीन से चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज किए जाने की संभावना बनी हुई है, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में देखने को मिलेगा
2 min read
• •
Updated: 6 Dec 2021, 12:21 PM IST
Delhi Weather News Update Today

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज ( Delhi Weather News Update Today ) करवट लेने वाला है। वायु प्रदूषण के बीच दिल्ली के लोगों के लिए अब कड़ाके की ठंड उनकी मुश्किल बढ़ा सकती है। दरअसल दिसंबर का महीने लगने के साथ ही दिल्ली में सर्दी का सितम भी शुरू होना शुरू हो गया है। पहले हल्की बारिश ( Rain ) और अब बर्फीली हवाएं ( Cold Wave ) राजधानी में दस्तक देने को तैयार हैं। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में दिल्ली का मौसम बदल जाएगा। इस दौरान दिल्ली और उससे सटे इलाकों में पारा लुढ़कने से सर्दी में इजाफा होगा।

आईएमडी के मुताबिक 8 दिसंबर के बाद ठंड बढ़ने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार के बाद से बर्फीली हवाएं राजधानी में पहुंचना शुरू हो जाएंगी। इसकी वजह से दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

दिल्ली में पिछले कुछ दिनों वायु प्रदूषण ने लोगों को जीना दुभर कर रखा है, लेकिन इस बीच एक और मुश्किल राजधानीवासियों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। दरअसल मंगलवार से राजधानी दिल्ली कोहरे की चपेट में आने के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह और देर शाम दिल्ली के कई इलाकों में कोहरा छाए रहने की संभावना बनी हुई है।

इसके साथ ही उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है।

लुढ़केगा पारा
दिल्ली में तापमान की बात करें तो एक दिन पहले यानी रविवार को राजदानी में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रहा। लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक अब मौसम करवट लेगा और तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मंगलवार के बाद दिल्ली का अधिकतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहने के आसार बने हुए हैं।

इसी तरह रविवार को न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री दर्ज किया गया। दिसंबर के मुताबिक यह सामान्य से दो डिग्री रहा । हवा में नमी का स्तर 54 से 95 प्रतिशत तक रहा।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आंशिक तौर पर बादल देखने को मिलेंगे। हल्का कोहरा छाया रहेगा। अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहने के आसार हैं। जबकि 8 दिसंबर से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

पहाड़ों पर बर्फबारी का असर
मौसम की जानकारी देने वाली निजी संस्था स्काईमेट वैदर के मुताबिक पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिखाई देने वाला है। खास तौर पर राजधानी दिल्ली में बर्फीली हवाएं चलेंगी, जिसकी वजह से शीत लहर की संभावना भी बनी हुई है। यानी अब दिल्लीवासियों का सामना कड़ाके की ठंड से होगा।
दिल्ली के साथ-साथ पंजाब हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उत्तरी जिलों में हल्की बारिश के साथ एक दो स्थानों पर मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं।

दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में अब बारिश की संभावना कम है। इस वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर 6 दिसंबर तक पहाड़ी राज्यों में देखा जा सकता है।

Published on: