Delhi Weather News Updates Today राजधानी दिल्ली में सूरज के तेवरों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लगाता दो दिन से तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक बना हुआ है। सितंबर की जोरदार बारिश के बाद भी अक्टूबर में लोगों को उमस और गर्मी से राहत नहीं मिली है
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज ( Delhi Weather News Updates Today ) फिर बदल गया है। सितंबर के महीने में हुई जोरदार बारिश के बाद अक्टूबर में लोगों को गर्मी और उमस ने परेशान कर दिया है। रविवार को भी दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन कुछ इलाकों में हल्की बूंदा-बांदी के अलावा बादल ज्यादा मेहरबान नहीं हुए।
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक हफ्ते की शुरुआत यानी सोमवार को भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा। बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना काफी कम है। वहीं तापमान में सामान्य से कुछ अधिक रह सकता है। यानी दिल्लीवासियों को गर्मी से फिलहाल राहत के आसार कम हैं।
सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा तापमान
दिल्ली में मौसम ने लोगों की मुश्किल बढ़ा दी है। अक्टूबर का महीना शुरू हो गया है, लेकिन उमस और गर्मी परेशानी का सबब बनी हुई है। सितंबर की अच्छी बारिश के बाद भी राजधानी में मौसम में ठंडक अभी नहीं आई है। सूरज के तेवर मुश्किल बढ़ा रहे हैं।
दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम में सामान्य से पांच डिग्री अधिक है।
जबकि अधिकतम तापमान भी 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ऐसे में बढ़ते तापमान ने लोगों के लिए परेशानी बढ़ा दी है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में सोमवार को बारिश के आसार काफी कम हैं। कुछ इलाकों में छिट-पुट बूंदा-बांदी हो सकती है। वहीं बादल छाए रहने से हवा की रफ्तार भी कम ही होगी।
सोमवार को ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 4 अक्टूबर को भी सूरज के तेवर मुश्किल बढ़ा सकते हैं। दिन में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहने के आसार हैं, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है, जबकि अधिकतम तापमान भी 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। जबकि 5 अक्टूबर मंगलवार को भी मौसम का मिजाज कमोबेश ऐसा ही रहेगा।
पूरे हफ्ते गर्मी से राहत नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक इस पूरे हफ्ते में तापमान में गिरावट नहीं देखने को मिलेगी। सूरज की तपिश और उमस लोगों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। हालांकि पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है, ऐसे में सुबह और देर शाम के तापमान में हल्की गिरावट महसूस की जा सकती है। लेकिन इसके लिए भी दो-तीन दिन का इंतजार करना होगा।