
Delimitation Bill 2026: केंद्र सरकार द्वारा परिसीमन बिल को वापस लाने से देश में सियासी जोड़-तोड़ बढ़ गया है। अप्रैल में आए परिसीमन बिल का हर विपक्षी दल ने विरोध किया था, इससे परिसीमन बिल पास नहीं हो पाया। लेकिन अब सरकार फिर से परिसीमन बिल ला रही है और इस बार सामने आए दो तुलनात्मक विश्लेषणों से पता चलता है किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की मौजूदा सीटें कम नहीं होंगी।
विश्लेषण में लोकसभा की मौजूदा सीटों की तुलना परिसीमन के दो संभावित तरीकों से की गई है। पहले तरीके में 2011 की जनगणना के आधार पर राज्यों की आबादी के हिसाब से सीटों का नए सिरे से बंटवारा किया जाना है। दूसरे तरीके में हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की मौजूदा लोकसभा सीटों में एक समान 50 फीसदी बढ़ोतरी करने का प्रस्ताव है। दोनों तरीकों के नतीजों में काफी अंतर सामने आया है।
विश्लेषण के मुताबिक, अगर 2011 की जनगणना के आधार पर आबादी के हिसाब से सीटों का बंटवारा किया जाता है तो कुछ राज्यों की लोकसभा सीटें घट सकती हैं। इनमें तमिलनाडु को सबसे ज्यादा नुकसान होने का अनुमान है। यहां लोकसभा की 7 सीटें कम हो सकती हैं। वहीं केरल की 5 और आंध्र प्रदेश की 4 सीटें घटने का अनुमान है। इसके अलावा ओडिशा और पंजाब की संसदीय सीटों में भी कमी आ सकती है।
दूसरे विश्लेषण के मुताबिक, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सीटें मौजूदा संख्या के मुकाबले 50 फीसदी बढ़ाई जाएंगी। इससे लोकसभा की कुल सदस्य संख्या 543 से बढ़कर 824 हो सकती है। इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश को अपनी मौजूदा सीटें नहीं गंवानी पड़ेंगी। यानी सभी राज्यों का संसद में मौजूदा प्रतिनिधित्व सुरक्षित रहेगा और सीटों की संख्या भी बढ़ जाएगी।
इससे पहले अप्रैल में कैंद्र सरकार द्वारा लाया गया परिसीमन बिल गिर गया था। लेकिन इस बार इसके पास होने की संभावना बन रही है क्योंकि एमके स्टालिन की DMK और शरद पवार की NCP ने परिसीमन बिल को समर्थन दे सकती है। ऐसे में संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस के सामने काफी मुश्किले आ खड़ी हुई है।