राष्ट्रीय

परिसीमन पर AAP की आई प्रतिक्रिया, कांग्रेस को लेकर भी कही बड़ी बात

परिसीमन बिल को लेकर AAP ने बीजेपी पर चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर का आरोप लगाया। सौरभ भारद्वाज और मनीष सिसोदिया ने बीजेपी की रणनीति पर सवाल उठाए, वहीं कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेताओं के बीच बढ़ते मतभेदों और परिसीमन से दक्षिण भारत के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर पड़ने वाले असर को लेकर भी सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2026, 1:14 PM IST
What did AAP leader Saurabh Bharadwaj say on delimitation?
परिसीमन पर क्या बोले आप नेता सौरभ भारद्वाज (Photo-IANS)

Delimitation Bill: परिसीमन बिल को लेकर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर करने का आरोप लगाया है। दिल्ली AAP अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने रविवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि जब भी बीजेपी को चुनावी प्रक्रिया में एक प्रतिशत भी हेरफेर की संभावना नजर आती है, वह इसका फायदा उठाने से पीछे नहीं हटती।

चंडीगढ़ नगर निगम मेयर चुनाव का दिया हवाला

इस दौरान सौरभ भारद्वाज ने चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर चुनाव का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि वहां चुनावी अनियमितताओं के जरिए मेयर का चुनाव कराया गया था। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी की ओर इशारा किया था। उन्होंने कहा कि यह सब CCTV कैमरों के सामने हुआ था।

दिल्ली नगर निगम के परिसीमन का किया जिक्र

मीडिया से बात करते हुए उन्होंने दिल्ली नगर निगम के परिसीमन का भी जिक्र किया। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जिन इलाकों में आम आदमी पार्टी का जनाधार मजबूत था, उन्हें बड़े वार्डों में मिला दिया गया, जबकि बीजेपी के प्रभाव वाले क्षेत्रों में छोटे-छोटे वार्ड बनाए गए। 

भारद्वाज के मुताबिक, इस तरह सीटों का गणित अपने पक्ष में करके भाजपा कम जनसमर्थन के बावजूद सत्ता हासिल करने की कोशिश कर सकती है।

सिसोदिया बोले- कांग्रेस अब देश की उम्मीद नहीं रही

वहीं, INDIA गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में DMK प्रमुख एमके स्टालिन और NCP-SP नेता शरद पवार से मुलाकात करने के सवाल पर आप नेता मनीष सिसोदिया ने बयान दिया है। उन्होंने इसको लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। 

AAP नेता सिसोदिया ने कहा कि कांग्रेस अब देश के लिए उम्मीद का केंद्र नहीं रह गई है। यह कांग्रेस की रणनीतिक चूक है या कुछ और, इस पर उन्हें कोई टिप्पणी नहीं करनी है। 

मीडिया से बात करते हउए उन्होंने दावा किया कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश के किसी भी हिस्से में लोग अब कांग्रेस को उम्मीद भरी नजरों से नहीं देखते। ऐसे में कांग्रेस से किसी तरह की अपेक्षा करना व्यर्थ है।

सिसोदिया ने बीजेपी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता का भरोसा कमजोर होने और अपनी संभावित हार को देखते हुए भाजपा चुनावी समीकरणों को गणितीय तरीके से अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है।

हुसैन दलवई बोले- बातचीत से निकलेगा रास्ता

वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने INDIA गठबंधन के नेताओं के बीच संवाद की पहल का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस नेतृत्व की सकारात्मक सोच को दर्शाता है कि वह किसी से बातचीत करने से इनकार नहीं करता और सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता है।

दलवई ने कहा कि शरद पवार फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष उनसे अस्पताल में जाकर मुलाकात करेंगे। उन्हें विश्वास है कि शरद पवार सम्मानपूर्वक बातचीत करेंगे और किसी समाधान तक पहुंचने का रास्ता निकलेगा। उन्होंने कहा कि शरद पवार हमेशा कांग्रेस के साथ रहे हैं और उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ कभी व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की है।

एमके स्टालिन के साथ मतभेदों पर दलवई ने कहा कि कांग्रेस द्वारा तमिलनाडु के मौजूदा मुख्यमंत्री को समर्थन दिए जाने के कारण स्टालिन कुछ नाराज हो सकते हैं। हालांकि, उन्हें यह समझना चाहिए कि इस मुद्दे पर सबसे ज्यादा नुकसान दक्षिण भारत की जनता को होगा।

Updated on:
29 Nov 2026, 1:14 PM IST
Published on: