
Gaurav Gogoi Attacks BJP in Lok Sabha: लोकसभा में मंगलवार को एंटी पेपर लीक पर चर्चा हो रही है। इस दौरान कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने एनडीए सांसदों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन और नीट पेपर लीक विवाद के बाद धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। लेकिन इस्तीफे के बाद जब वह सोमवार को संसद पहुंचे तो बीजेपी सांसदों ने उनका स्वागत ऐसे किया, मानो वह पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध जीतकर लौटे हों।
सदन में बोलते हुए कांग्रेस सांसद गोगोई ने कहा कि संसद परिसर में प्रवेश करते ही बीजेपी सांसदों ने धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में 'धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद' के नारे लगाए। उन्हें माला पहनाई गई, पारंपरिक टोपी पहनाई गई और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। ऐसा माहौल बनाया गया, जैसे वह किसी बड़ी जंग से जीतकर लौटे हों।
गोगोई ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार 37 दिनों तक चला, जिसके बाद धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दिया। इसके बावजूद भाजपा नेताओं का उनका भव्य स्वागत करना कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री इंस्टाग्राम रील्स में दिखाई देते हैं। पहली कैबिनेट बैठक में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और पेपर माफिया, पेपर सेट करने वाले माफिया, पेपर हल कराने वाले माफिया तथा परीक्षा केंद्र माफिया जैसे नेटवर्क को खत्म करने पर व्यापक चर्चा करने के बजाय, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केवल इतना कहा कि इंस्टाग्राम पर अधिक ध्यान दिया जाए।
बता दें कि शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद धर्मेंद्र प्रधान पहली बार सोमवार को संसद पहुंचे। इस दौरान एनडीए सांसदों ने उनका स्वागत किया और धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद के नारे भी लगाए। वहीं सांसदों ने उन्हें शॉल और टोपी भी पहनाई।
इस दौरान कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने असम में आई बाढ़ का भी मुद्दा सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि वह असम में आई बाढ़ और उसमें करीब 70 लोगों की मौत का मुद्दा सदन में उठाना चाहते हैं। उन्होंने दुख जताते हुए केंद्र सरकार से मांग की कि असम के लोगों की मदद के लिए एक विशेष राहत पैकेज दिया जाए।