राष्ट्रीय

CM पद को लेकर चली रही तनातनी के बीच दिल्ली पहुंचे कर्नाटक के डिप्टी सीएम, बोले- केवल हवा खाने नहीं आया

कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार दिल्ली पहुंचे और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। उनकी चुप्पी और बैठक की जानकारी न देने से सियासी अटकलें और तेज हो गई हैं।

2 min read
Apr 24, 2026
डीके शिवकुमार। (Photo-IANS)

कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के भीतर चल रही तकरार की खबरों के बीच डिप्टी सीएम और राज्य प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्होंने देश की राजधानी में कई बड़े कांग्रेसी नेताओं से मुलाकात की।

सीएम पद को लेकर अटकलें तब और बढ़ गईं, जब उन्होंने मुलाकातों की जानकारी देने से साफ मना कर दिया। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि वह इस बारे में कुछ नहीं बताएंगे।

चुनाव प्रचार में गए थे डिप्टी सीएम

कर्नाटक के डिप्टी सीएम शिवकुमार ने कहा- मैं पार्टी नेताओं से मिला हूं। मैं अपना काम करता रहूंगा, लेकिन मैं यह नहीं बताऊंगा कि मैं किससे मिला हूं। मैं दिल्ली केवल यहां की हवा का मजा लेने नहीं आया हूं।

जब गुरुवार रात नई दिल्ली में शिवकुमार से पूछा गया कि क्या वह पार्टी नेताओं को चुनाव की रिपोर्ट सौंपेंगे, तो उन्होंने कहा- मैं चुनाव प्रचार के लिए तमिलनाडु, केरल और असम गया। मुझे इन राज्यों के घटनाक्रम के बारे में अपने नेताओं को जानकारी देनी है।

उन्होंने आगे कहा- पार्टी ने मुझे वहां चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी थी। कर्नाटक में चुनाव करवाना कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम के तौर पर मेरा फर्ज है और मैं उसे निभाऊंगा।

सीएम बदलने के बारे में क्या बोले शिवकुमार?

वहीं, राज्य में सीएम पद के संभावित बदलावों के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा- एक जिम्मेदार पद पर होते हुए क्या मैं मीडिया के सामने ऐसी बातों पर चर्चा कर सकता हूं? मैं इस बारे में कुछ नहीं बोलूंगा। कृपया मुझसे ऐसी जानकारी निकलवाने की कोशिश न करें।

गर्मी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा- बहुत गर्मी है। जब मैं तमिलनाडु और कर्नाटक के पेरियापटना गया था, तो वहां बहुत ज्यादा गर्मी थी। केरल में मौसम थोड़ा बेहतर है।

मुस्लिम समुदाय में नाराजगी को लेकर क्या बोले?

मुस्लिम समुदाय में नाराजगी को लेकर विधायकों और मंत्रियों के मुख्यमंत्री से मिलने की खबरों पर शिवकुमार ने कहा- हमें पार्टी स्तर पर कुछ जानकारी मिली है। हम सभी को मिलकर काम करना होगा।

मुख्यमंत्री के करीबी मंत्रियों की बैठक होने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा- मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। मुझे नहीं पता कि कौन किसका करीबी है। मैं ऐसी बैठकों की परवाह नहीं करता।

क्या विधायक भी जाएंगे दिल्ली?

जब उनसे पूछा गया कि क्या वरिष्ठ विधायक मंत्रिमंडल में फेरबदल की मांग को लेकर दिल्ली का एक और दौरा करने की योजना बना रहे हैं, तो उन्होंने कहा- चलिए, देखते हैं क्या होता है।

क्यों दिल्ली पहुंचे डिप्टी सीएम?

वहीं, अपनी दिल्ली यात्रा के बारे में उन्होंने कहा- मैं अपने परिवार के साथ हैदराबाद गया था और वहां से दिल्ली आया। मैं दिल्ली सिर्फ ताजी हवा लेने नहीं आया हूं। मुझे केंद्रीय मंत्रियों के साथ बेंगलुरु से जुड़े मुद्दों पर बात करनी है। मैंने मिलने का समय मांगा था और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुझे शुक्रवार को सुबह 11।45 बजे का समय दिया है।

Also Read
View All