
Abhishek Banerjee FIR: पश्चिम बंगाल में बीजेपी नेता दिलीप घोष ने रविवार को तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पहले पुलिस सत्ता में बैठे लोगों की सुनती थी, लेकिन अब उनके खिलाफ दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी के खिलाफ शिकायत है तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराइए, लेकिन पूरी दुनिया को आपसे शिकायत है।
इस दौरान बीजेपी नेता घोष ने पुलिस पर बीजेपी के इशारे पर काम करने का आरोपों को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि तो क्या पुलिस बीजेपी की हो गई है? पुलिस तो पुलिस है। किसी के खिलाफ शिकायत है तो दर्ज कराइए। जबकि पूरी दुनिया को आपसे शिकायत है।
बता दें कि बीजेपी नेता दिलीप घोष की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब एक दिन पहले टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी कोलकाता के भवानीपुर पुलिस स्टेशन में पेश हुए थे।
दरअसल, सांसद बनर्जी गिरिश पार्क थाने में 31 अक्टूबर को दर्ज एक नई FIR के सिलसिले में जांच अधिकारी के सामने पहुंचे थे। यह FIR पुलिस के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर दर्ज शिकायत के आधार पर की गई है।
पुलिस ने अभिषेक बनर्जी को नोटिस जारी कर 20 नवंबर को जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा है।
पुलिस स्टेशन से बाहर निकलने के बाद टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी जब उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया, तब वह पेश हुए और भविष्य में भी ऐसा ही करेंगे।
बनर्जी ने आगे कहा कि उन्हें लगता है कि पुलिस का नोटिस भेजकर या बुलडोजर चलाकर मुझे डरा देंगे। मैं डरने वालों में से नहीं हूं। जितनी ताकत लगानी है लगा लीजिए, मुझे जेल में डाल दीजिए या मेरा गला घोंट दीजिए, लेकिन मेरा सिर किसी के सामने नहीं झुकेगा।
इस दौरान उन्होंने कोलकाता के कालीघाट स्थित अपने आवास के पास हाल ही में हुई बुलडोजर कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। बनर्जी ने दावा किया कि जिस अस्थायी ढांचे को हटाया गया, वह उनका निजी निर्माण नहीं था, बल्कि सरकार ने उसे बनवाया था और वहां पुलिसकर्मी बैठते थे।
उन्होंने कहा कि वहां एक पुलिस कैंप और दो चौकियां थीं, जिन्हें हटाया गया है। बनर्जी ने बीजेपी से अपील की कि फुटपाथ पर बैठकर रोजी-रोटी कमाने वाले गरीब लोगों को न हटाया जाए। उन्होंने कहा कि अगर बुलडोजर चलाना है तो मुझ पर चलाइए, गरीब लोगों पर नहीं।