15 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

हनीट्रैप का खतरनाक खेल, जेनसन हुआंग से लेकर भारतीय सेना के अफसरों तक; कैसे बिछता है जासूसी का जाल?

Honey Trap Spies in History: हनीट्रैप के जरिए जासूसी का खेल दशकों पुराना है। माता हारी से लेकर माधुरी गुप्ता और प्रदीप कुरुलकर तक, जानिए दुनिया और भारत के चर्चित हनीट्रैप मामलों के बारे में और कैसे सोशल मीडिया ने जासूसी के इस तरीके को नया रूप दिया है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Ashib Khan

•

Updated: 15 Nov 2026, 6:30 AM IST

Jensen Huang Affair

Nvidia के CEO जेनसन हुआंग के साथ उनकी पत्नी लोरी हुआंग (फोटो सोर्स-@tatthang)

Famous Honey Trap Cases: जासूसी की दुनिया में हनीट्रैप कोई नया हथियार नहीं है। शीत युद्ध के दौर से लेकर आज तक कई देशों की खुफिया एजेंसियों पर रिश्तों, भावनात्मक जुड़ाव और आकर्षण का इस्तेमाल कर संवेदनशील सूचनाएं जुटाने के आरोप लगते रहे हैं। हाल में एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसन हुआंग का नाम हनीट्रैप और खुफिया गतिविधियों से जुड़े विवाद में आने के बाद यह तरीका फिर चर्चा में है।

हनीट्रैप का मकसद केवल निजी संबंध बनाना नहीं, बल्कि भरोसा हासिल कर संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बनाना होता है। कई मामलों में ब्लैकमेल और भावनात्मक दबाव का भी इस्तेमाल किया जाता है। जॉन वासाल, मॉरिस डेजियां और भारत की माधुरी गुप्ता समेत कई चर्चित नाम ऐसे मामलों से जुड़े रहे हैं, जिससे साबित होता है कि जासूसी की दुनिया में यह हथकंडा दशकों पुराना लेकिन अब भी प्रभावी माना जाता है।

इतिहास के चर्चित मामले

1. माता हारी : प्रथम विश्व युद्ध के दौरान डच डांसर माता हारी के कई सैन्य अधिकारियों से संबंध थे। फ्रांस ने उन पर जर्मनी के लिए जासूसी करने का आरोप लगाया। 1917 में उन्हें गोली मार दी गई। हालांकि, बाद में उनकी जासूसी और दोषसिद्धि पर सवाल उठते रहे।

2. बेट्टी पैक : द्वितीय विश्व युद्ध में ब्रिटिश-अमरीकी जासूस बेट्टी पैक ने फ्रांस के विची शासन के एक अधिकारी को अपने आकर्षण में फंसाकर नौसेना के गोपनीय कोड हासिल किए। इन सूचनाओं ने 1942 में उत्तरी अफ्रीका में मित्र देशों के सैन्य अभियान में मदद की।

3. रोमियो स्पाइज : शीत युद्ध के दौरान पूर्वी जर्मनी की खुफिया एजेंसी स्टासी ने पुरुष एजेंटों को पश्चिमी जर्मनी की प्रभावशाली महिलाओं से प्रेम संबंध बनाने के लिए तैनात किया। ये महिलाएं सरकारी और औद्योगिक संस्थानों में काम करती थीं। उनके जरिए गोपनीय दस्तावेज हासिल किए जाते थे।

4. क्लेटन लोनेट्री : 1980 के दशक में मॉस्को स्थित अमरीकी दूतावास में तैनात मरीन अधिकारी क्लेटन लोनेट्री एक रूसी महिला के संपर्क में आए। वह दूतावास में अनुवादक थी और उसने लोनेट्री का परिचय केजीबी से कराया। बाद में वे अमरीका के खिलाफ जासूसी के दोषी ठहराए गए।

भारत में भी सामने आए मामले

5. माधुरी गुप्ता : इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में तैनात राजनयिक माधुरी गुप्ता को 2010 में पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उन पर आइएसआइ अधिकारियों को संवेदनशील सूचनाएं देने का आरोप था। 2018 में दिल्ली की अदालत ने उन्हें आधिकारिक गोपनीयता कानून की कुछ धाराओं के तहत दोषी ठहराया।

6. शांतिमय राणा : भारतीय सेना के जवान शांतिमय राणा को जुलाई 2022 में गिरफ्तार किया गया। आरोप था कि पाकिस्तानी एजेंटों ने सोशल मीडिया पर महिलाओं की फर्जी पहचान बनाकर उनसे संपर्क किया और फिर गोपनीय सैन्य सूचनाएं हासिल कीं।

7. प्रदीप कुरुलकर : डीआरडीओ की पुणे स्थित प्रयोगशाला के तत्कालीन प्रमुख वैज्ञानिक प्रदीप कुरुलकर को मई 2023 में गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि वे 'जारा दासगुप्ता' नाम की महिला के संपर्क में आए, जो कथित तौर पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंट थी। उन पर रक्षा परियोजनाओं से जुड़ी संवेदनशील सूचनाएं साझा करने का आरोप है। मामले की सुनवाई जुलाई 2026 में शुरू हुई।

8. वायुसेना का विंग कमांडर : हालिया मामले में भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर पर पाकिस्तानी एजेंट को गोपनीय सैन्य सूचनाएं देने का आरोप है। पुलिस के आरोपपत्र के मुताबिक, उन्होंने ऑपरेशन, युद्ध योजना, ड्रोन क्षमता और सैन्य तैनाती से जुड़ी जानकारियां साझा कीं। आरोप है कि इसके बदले उन्हें अश्लील तस्वीरें भेजी गईं।

बदल गया है जासूसी का तरीका

हनीट्रैप अब सिर्फ आमने-सामने के संबंधों तक सीमित नहीं है। सोशल मीडिया पर फर्जी महिला या पुरुष प्रोफाइल बनाकर अधिकारियों, वैज्ञानिकों और सैन्यकर्मियों से दोस्ती की जाती है। बातचीत धीरे-धीरे निजी संबंधों तक पहुंचती है और फिर सूचनाएं मांगी जाती हैं। कई मामलों में निजी तस्वीरों के जरिए दबाव बनाया जाता है। यही वजह है कि अब खुफिया एजेंसियों के सामने चुनौती सिर्फ गोपनीय दस्तावेजों की सुरक्षा नहीं, बल्कि डिजिटल दुनिया में कर्मचारियों की पहचान और संपर्कों की निगरानी भी है।