राष्ट्रीय

महाराष्ट्र के दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा, समुद्र में डूबने से पुणे के 8 छात्रों की मौत

महाराष्ट्र के रायगढ़ स्थित दिवेआगर बीच पर दर्दनाक हादसे में पुणे के 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। 42 छात्रों का ग्रुप पिकनिक मनाने पहुंचा था।
2 min read
• •
Oct 01, 2026
Maharashtra drowning news
महाराष्ट्र के दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा(फोटो-X/@GoldySrivastav)

Diveagar Beach Accident: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दिवेआगर बीच पर गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पुणे से पिकनिक मनाने आए 8 छात्रों की समुद्र में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि समुद्र में अचानक तेज लहरें उठने और पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुणे जिले के आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी के 42 छात्र दिवेआगर घूमने आए थे। इनमें 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र शामिल थे। दोपहर के समय इनमें से 8 छात्र समुद्र में तैरने के लिए पानी में उतरे थे।

तेज लहरों की चपेट में आए छात्र


रिपोर्ट्स के अनुसार छात्र समुद्र में उतरे ही थे कि पानी का स्तर अचानक बदल गया। तेज बहाव और ऊंची लहरों की चपेट में आने के बाद सभी आठ छात्र गहरे पानी की तरफ बह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने छात्रों को बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते वे समुद्र में डूब गए। घटना के बाद बीच पर अफरा-तफरी मच गई।

वॉटर स्पोर्ट्स टीम ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन


हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचा। महाकाली वॉटर स्पोर्ट्स के कर्मचारियों के साथ स्थानीय लोगों और वहां मौजूद पर्यटकों ने भी बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी आठ छात्रों के शव समुद्र से बाहर निकाले गए।

बोर्ली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजे गए शव


रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी शवों को बोर्ली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस की ओर से ग्रुप के साथ आए शिक्षकों और अन्य छात्रों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।

समुद्र की गहराई और ज्वार-भाटे को लेकर सावधानी जरूरी


स्थानीय प्रशासन और बचाव दलों के अनुसार, बाहर से आने वाले पर्यटकों को कई बार समुद्र के ज्वार-भाटे, तेज बहाव और पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं होता। ऐसे में समुद्र में उतरते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। महाराष्ट्र के मंत्री और बीजेपी नेता नितेश राणे ने इस घटना पर शोक जताया है।

Updated on:
01 Oct 2026 08:28 pm
Published on:
01 Oct 2026 08:22 pm