
Diwali Shopping Rush: दिवाली की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़ का असर दिल्ली की सड़कों पर भी दिखाई दिया। शहर के कई प्रमुख रास्तों पर लंबा जाम लगा रहा। दिल्ली से नोएडा जाने वाले लोगों को सफर पूरा करने में करीब दो घंटे तक लगे। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारों के साथ कैब का किराया भी सामान्य से काफी ज्यादा हो गया। कई यात्रियों को रोजाना के मुकाबले लगभग दोगुना किराया चुकाना पड़ा।
दोपहर करीब 3 बजे धौला कुआं पर भारी जाम देखने को मिला। इस समय आमतौर पर यहां यातायात का दबाव कम रहता है, लेकिन दिवाली की भीड़ के कारण वाहन धीमी गति से चलते रहे। विकास मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, रिंग रोड और आउटर रिंग रोड पर भी वाहन चालकों को परेशानी हुई। बारापुला फ्लाईओवर पर हालात और खराब रहे। यहां लोगों को करीब 55 मिनट तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
चांदनी चौक, साउथ एक्सटेंशन और लाजपत नगर जैसे प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दिवाली से पहले आखिरी समय की खरीदारी के चलते इन इलाकों की सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। कई जगह गाड़ियां रेंगती नजर आईं। जाम से परेशान लोगों ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की। कुछ लोगों ने ट्रैफिक सिग्नल पर आधे घंटे तक इंतजार करने की शिकायत की, तो कुछ ने खान मार्केट और आसपास के इलाकों में यातायात संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की कमी पर सवाल उठाए।
जाम के साथ कैब का बढ़ा हुआ किराया भी लोगों की परेशानी का कारण बना। नोएडा जाने वाली रश्मि ने बताया कि आमतौर पर उनकी यात्रा का किराया 450 रुपए रहता है, लेकिन उन्हें 700 रुपए देने पड़े। एक कैब चालक ने बढ़े हुए किराये की वजह दिवाली की भीड़ और दिल्ली में बीएस-6 मानक से कम वाले वाहनों के प्रवेश पर लगी पाबंदियों को बताया। एक अन्य यात्री ने कहा कि रोजाना आने-जाने में ही उन्हें करीब 1,000 रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं, नोएडा सेक्टर-15 से गाजियाबाद के शालीमार गार्डन तक करीब 25 किलोमीटर की यात्रा के लिए एक यात्री को 1,600 से 2,500 रुपए तक का किराया बताया गया। एक अन्य यात्री ने बताया कि नोएडा से गुरुग्राम पहुंचने के लिए कैब चालक को फरीदाबाद होकर लंबा रास्ता लेना पड़ा। धुंध, जाम और बढ़े हुए किराये के चलते कैब से सफर करना निजी वाहन के मुकाबले लगभग दोगुना महंगा पड़ रहा है।