राष्ट्रीय

ईरान की कमान किसके हाथ में देखना चाहते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति? ट्रंप ने बढ़ाई तेहरान की बेचैनी

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सत्ता को लेकर सनसनीखेज बयान दिया है। ट्रंप के बयान से तेहरान में बेचैनी बढ़ गई है।

3 min read
Mar 06, 2026
Donald Trump announces 10-day pause on strikes targeting Iran’s energy infrastructure amid ongoing US-Iran diplomatic talks and Middle East tensions.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Photo-IANS)

Donald Trump Reveals Iran New Supreme Leader: इजरायल ने मिसाइल हमला करके ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या कर दी है। इस तनातनी के माहौल में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सत्ता में अपने चहेतों को शामिल करने की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने संकेत दिया है कि ईरान की सत्ता को पूरी तरह से बदलकर, वहां नई शुरूआत करना चाहते हैं। ट्रंप ने ईरान की सत्ता में शामिल होने वालों के नाम भी तय कर लिए हैं। हालांकि, उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम उजागर नहीं किया है।

ट्रंप ने क्या कहा?

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के लिए अमेरिकी योजनाओं के बारे में NBC न्यूज से फोन पर बात की। टेलीफोनिक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा- हम अंदर जाकर सब कुछ साफ करना चाहते हैं। हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि जिन लोगों के बारे में हमने सोचा है, वे अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी जंग में सुरक्षित रहें। हम उन सभी लोगों पर नजर रख रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे पास कुछ ऐसे लोग हैं, जो मेरे विचार से अच्छा काम करेंगे।

कौन होगा ईरान का सुप्रीम लीडर?

ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है कि उनकी कुर्सी पर कौन बैठेगा? कुछ मीडिया रिपोर्ट्स ने हाल ही में दावा किया कि खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को अगला सर्वोच्च नेता चुन लिया है। हालांकि, 4 मार्च को भारत में मौजूद ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने खामेनेई के बेटे को ईरान का सुप्रीम लीडर चुने जाने के दावे को खारिज कर दिया है। ईरान के अधिकारी ने कहा कि नए नेता को चुनने की प्रक्रिया अभी चल रही है। फिलहाल किसी के नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है। ईरान की विशेषज्ञ सभा द्वारा नेतृत्व के लिए संभावित उम्मीदवारों के चयन के संबंध में मीडिया में प्रसारित हो रही खबरों का कोई आधिकारिक स्रोत नहीं है। ऐसी खबरों को आधिकारिक तौर पर खारिज किया जाता है।

ईरान में कैसे होता है सुप्रीम लीडर का चुनाव?

भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अयातुल्ला डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही के मुताबिक, सर्वोच्च नेता को चुने जाने की प्रक्रिया जारी है। ईरान में चुनाव के दौरान 88 सदस्यीय विशेषज्ञ परिषद का चुनाव वोटिंग से होता है। इस विशेषज्ञ परिषद के पास ईरान की कई अहम जिम्मेदारियां होती हैं। जिनमें से अहम जिम्मेदारी सर्वोच्च नेता का चयन करना है। विशेषज्ञ परिषद सुप्रीम लीडर पद के उम्मीदवारों की धार्मिक, राजनीतिक एवं नेतृत्व संबंधी योग्यता का मूल्यांकन करती है। अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद के बाद ईरान की 88 सदस्यीय विशेषज्ञ परिषद ने सुप्रीम लीडर के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। हकीम इलाही का मानना है कि अमेरिका और इजरायल के हमलों की वजह से सुप्रीम लीडर के चुनाव में दिक्कत हो रही है। महौल ठीक होते ही किसी योग्य उम्मीदवार को सर्वोच्च नेता चुन लिया जाएगा।

ईरान के सुप्रीम लीडर की शक्तियां

ईरान के संविधान के अनुसार, आयतुल्लाह स्तर के धार्मिक नेता को ही सर्वोच्च पद सौंपा जाता है। सर्वोच्च नेता का चुनाव करने वाली 88 सदस्यीय परिषद का हर सदस्य 8 साल बाद चुने जाते हैं। ईरान की सेना में रिवोल्यूशनरी गार्ड्स, थलसेना, नौसेना, वायुसेना और कुद्स फोर्स शामिल हैं। सर्वोच्च नेता इनका सर्वोच्च कमांडर होता है। ईरानी संविधान के अनुच्छेद 57 के तहत विधायिका, न्यायपालिका और प्रशासन सर्वोच्च नेता के अधीन काम करता है। सर्वोच्च नेता संरक्षक परिषद के 6 सदस्यों को मनोनीत करता है। संरक्षक परिषद के सदस्य मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति करते हैं, सामान्य रणनीति बनाते हैं और सशस्त्र बलों के कमांडर नियुक्त करते हैं। इस समिति के सदस्य युद्ध घोषित करते हैं और राष्ट्रपति को बर्खास्त कर सकते हैं।

Published on:
06 Mar 2026 05:44 pm