11 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ममता बनर्जी से बगावत पर एक और TMC सांसद ने दिया बयान, बोले- जहाज मुश्किल में हो तो छोड़ना ठीक नहीं

Babul Supriyo on TMC internal crisis: बाबुल सुप्रियो ने TMC छोड़ने की अफवाहों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा है कि मुश्किल समय में जहाज नहीं छोड़ते।

2 min read
Google source verification
TMC Crisis

पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी। (फोटो- ANI)

तृणमूल कांग्रेस में इन दिनों खलबली मची हुई है। सोशल मीडिया पर लगातार टीएमसी नेताओं के पार्टी छोड़ने की अफवाहें उड़ रही हैं।

इसी बीच, पार्टी के सांसद और गायक बाबुल सुप्रियो ने सख्ती से इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा है कि वे न तो किसी गुट में जा रहे हैं और न ही कोई दूसरी पार्टी जॉइन करने वाले हैं।

सुप्रियो ने कहा- सारी कन्फ्यूजन और अफवाहों के बीच मैं साफ-साफ कहना चाहता हूं कि मैं न किसी गुट में शामिल हो रहा हूं और न ही किसी दूसरी पार्टी में। जब जहाज मुश्किल पानी में हो तो उसे छोड़कर जाना सही नहीं होता।

TMC में हलचल

पार्टी के अंदर कुछ नेताओं के बयानों और गतिविधियों से लग रहा है कि तृणमूल में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। कुछ विधायकों और नेताओं के नाम पर बागी गुट की चर्चा जोरों पर है।

दो दिन पहले एक लिस्ट भी सामने आई थी, जिसमें नाम सहित टीएमसी के 19 नेताओं का जिक्र था। यह दावा किया गया था कि यह 19 नेता ममता बनर्जी को धोखा देकर भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

इस लिस्ट में बाबुल सुप्रियो का नाम भी शामिल था। लेकिन उन्होंने इस दावे को खारिज कर दिया है। अब बाबुल सुप्रियो जैसे चेहरे का पार्टी के साथ खड़े रहने का ऐलान ममता बनर्जी के लिए राहत की खबर साबित हो सकती है।

सुप्रियो ने हाल ही में ममता बनर्जी की तारीफ भी की थी कि उन्होंने उनके सिंगिंग करियर को नई जिंदगी दी। अब इस बयान से साफ है कि वे दीदी के साथ मजबूती से खड़े हैं।

पुराना सफर और नई जिम्मेदारी

बाबुल सुप्रियो का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प रहा है। पहले भाजपा में मंत्री रहे, असानसोल से सांसद बने। फिर 2021 में पार्टी छोड़कर तृणमूल में शामिल हुए। उसके बाद 2022 में विधायक चुने गए और अब राज्यसभा सांसद हैं।

कई बार उनका नाम विवादों में भी रहा, लेकिन वे हमेशा अपनी बात साफ-साफ कहते आए हैं। अभी TMC में जो अंदरूनी कलह की खबरें हैं, उसमें सुप्रियो का यह बयान पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश दे रहा है।

उन्होंने साफ कहा कि मुश्किल वक्त में साथ छोड़ना गलत है। यह बयान उन नेताओं के लिए भी है जो पार्टी छोड़ने या बागी बनने की सोच रहे हैं।

क्या कह रहे हैं पार्टी के अंदरूनी सूत्र?

पार्टी के कुछ नेताओं का मानना है कि यह अफवाहें विपक्षी दलों द्वारा फैलाई जा रही हैं। तृणमूल कांग्रेस लंबे समय से बंगाल में सत्ता में है और विकास के कामों पर फोकस कर रही है। लेकिन कुछ स्थानीय मुद्दों और नेताओं के बीच मतभेद की वजह से यह हलचल पैदा हुई है।