
SIR Update: भारत के चुनाव आयोग ने राज्यों में मतदाता सूची के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम में संशोधन किए हैं। इनमें कर्नाटक, दिल्ली, पंजाब, तेलंगाना, हरियाणा राज्य शामिल हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम में हुए बदलाव के चलते अब ड्राफ्ट और अंतिम मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की नई तारीख की घोषणा की गई है।
भारत के चुनाव आयोग ने कर्नाटक में 1 अक्टूबर की योग्यता तिथि (qualifying date) को ध्यान में रखते हुए राज्य की मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के कार्यक्रम में बदलाव किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, ड्राफ्ट का प्रकाशन अब 17 अगस्त को होगा और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 19 अक्टूबर को किया जाएगा।
भारत के चुनाव आयोग ने दिल्ली में चल रही SIR प्रक्रिया की समय सीमा में 10 दिन की बढ़ोतरी की है। दिल्ली में अब अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर को जारी की जाएगी। दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया की समय सीमा 10 दिन बढ़ने पर अब 29 जुलाई के बजाय 8 अगस्त तक जारी रहेगी। इस दौरान लोग BLO द्वारा दिए गए इन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा कर सकेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग ने 1 अक्टूबर की अर्हता तिथि (qualifying date) के आधार पर पंजाब में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के कार्यक्रम में भी संशोधन किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मसौदा प्रकाशन 13 अगस्त को होगा और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 12 अक्टूबर को होगा।
निर्वाचन आयोग ने हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के लिए कार्यक्रम में बदलाव किया है, जिसमें 1 जुलाई, 2026 को अर्हता तिथि (qualifying date) तय किया गया है।
संशोधित कार्यक्रम के तहत, मतदाता सूची का मसौदा 31 जुलाई को प्रकाशित किया जाएगा, दावे और आपत्तियां 30 अगस्त तक दर्ज की जा सकेंगी और अंतिम मतदाता सूची 3 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी।
चुनाव आयोग ने तेलंगाना के लिए स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न (SIR) शेड्यूल में बदलाव किया है। BLO 25 जून से 3 अगस्त 2026 तक दौरे करेंगे, ड्राफ्ट रोल 10 अगस्त को जारी किया जाएगा और अंतिम वोटर लिस्ट 12 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।