
Navi Mumbai Crime: नवी मुंबई में शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका की हत्या कर दी। युवती बस स्टॉप पर खड़ी होकर ड्यूटी पर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी, तभी आरोपी ने उस पर चाकू से कई वार किए। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान 21 वर्षीय सादिया जहीर शेख के रूप में हुई है। वह नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निजी सुरक्षा कर्मचारी थी।
आरोपी दानिश मोहम्मद अंसारी (27) ई-कॉमर्स कंपनी में डिलीवरी कर्मचारी है। दोनों मुंबई के वडाला स्थित एंटॉप हिल इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों की मुलाकात वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान अस्पताल में हुई थी। इसके बाद उनके बीच प्रेम संबंध बन गए। शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और सादिया ने दानिश का प्रस्ताव ठुकरा दिया। इसके बाद सादिया ने जून और 14 अक्टूबर को आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी।
सादिया जीटीबी नगर से नेरुल पहुंची थी। सुबह करीब 7:15 बजे वह नेरुल रेलवे स्टेशन के पास बस स्टॉप पर खड़ी होकर ड्यूटी पर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और उससे विवाद करने लगा। पुलिस के मुताबिक शादी का प्रस्ताव ठुकराने और सादिया के किसी दूसरे युवक के साथ संबंध होने के शक में आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। उसने सादिया की छाती, पेट, गर्दन और पीठ पर कई वार किए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल सादिया को ऑटो रिक्शा से नेरुल के मीनाताई ठाकरे अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे वाशी के नगर निगम अस्पताल के गहन चिकित्सा विभाग में भर्ती कराया गया। अस्पताल में सादिया का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। पुलिस ने मोबाइल टावर लोकेशन की मदद से आरोपी की तलाश की। उसे घणसोली में अपने जीजा के घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया। बाद में सादिया को मुंबई के सायन अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। बेलापुर की अदालत ने आरोपी को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।