
हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव परिणाम (Election Result) आने के बाद एक बार फिर एग्जिट पोल (Exit Poll) फेल हो गए। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लगातार तीसरी बार सरकार बनने जा रही है। जबकि 5 अक्टूबर को हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Election) के बाद जारी किए गए एग्जिट पोल के नतीजों में हरियाणा में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत दिया था। एग्जिट पोल में कुछ एजेंसियों ने कांग्रेस को 62 तक सीटें दी थी और भाजपा को 26 सीटों पर सिमटा हुआ दिखाया था। भाजपा ने सभी एग्जिट पोल के नतीजों के उलट सीटें हासिल कर लोगों को चौंका दिया। गौरतलब है कि हरियाणा में 2019 में भी एग्जिट पोल गलत साबित हुए है। जम्मू-कश्मीर में सटीक रहा सर्वे हालांकि हरियाणा के उलट जम्मू-कश्मीर के चुनाव नतीजे एग्जिट पोल के करीब रहे। सभी एजेंसियों ने प्रदेश में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार बनने की संभावना जताई थी। चुनाव परिणामों में कांग्रेस गठबंधन ने 49 सीटें हासिल कर सरकार बनाने की तैयारी कर ली है। एग्जिट पोल में गठबंधन को 45 से 50 सीटें दी गई थी। 5 साल में कब-कब फेल हुए एग्जिट पोल एग्जिट पोल पहले भी फेल होते रहे हैं, लेकिन पिछले 5 साल से इसके गलत साबित होने की रफ्तार में बढ़ोतरी हुई है। बिहार चुनाव 2020, बंगाल चुनाव 2021, यूपी चुनाव 2022, हिमाचल चुनाव 2022, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के चुनाव 2023 और लोकसभा 2024 के चुनाव में फेल साबित हुए हैं।
2024 के लोकसभा चुनाव में एग्जिट पोल विवादों में भी रहा। इसके खिलाफ याचिका भी दाखिल हुई थी। कोर्ट में कहा गया कि एग्जिट पोल के दावों में दम नहीं रहता है। इसके बनाने को लेकर सख्ती से नियम बनाने की जरूरत है। याचिकाकर्ता का कहना था कि एग्जिट पोल के आंकड़े बिजनेस मॉडल से प्रभावित रहता है।
हरियाणा में झूठ की घुट्टी पर विकास की गारंटी भारी प्रधानमंत्री ने जम्मू कश्मीर में शांतिपूर्ण चुनाव को भारत के संविधान की जीत बताया। हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के ज्यादातर राज्यों के लोगों ने कांग्रेस के लिए नो एंट्री का बोर्ड लगा दिया है। पहले कांग्रेस सोचती थी कि वो चाहे काम करे या न करे, लोग तो उसको वोट देंगे ही।लेकिन अब कांग्रेस की पोल खुल चुकी है।उसका डिब्बा गुल हो चुका है। साथ ही PM बोले कांग्रेस सत्ता को अपना जन्मसिद्ध अधिकार मानती है।सरकार में न रहने पर कांग्रेस की हालत जल बिन मछली जैसी हो जाती है। इसलिए वो सरकार में आने के बाद देश और समाज को दांव पर लगाने से नहीं हिचकती।
कांग्रेस का परिवार दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों से नफरत करता है, उनसे चिढ़ता है। आज जब दलित, पिछड़े, आदिवासी शीर्ष स्थान पर जा रहे हैं, तो इनके पेट में चूहे दौड़ने लगते हैं। कांग्रेस, भारत के समाज को कमजोर करके, भारत में अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहती है। इसलिए वो अलग-अलग वर्गों को भड़का रहे हैं, लगातार आग लगाने की कोशिश कर रहे हैं। आज हरियाणा में झूठ की घुट्टी पर विकास की गारंटी भारी पड़ी है।हरियाणा की जनता ने नया इतिहास रच दिया है। हरियाणा में अब तक 13 चुनाव हुए हैं। इनमें से 10 चुनाव में हरियाणा के लोगों ने हर 5 साल के बाद सरकार बदली।
इस बार हरियाणा के लोगों ने जो किया है, वो अभूतपूर्व है। पीएम मोदी ने कहा कि देश ने देखा कि कैसे किसानों को भड़काने का प्रयास हुआ, लेकिन हरियाणा के किसानों ने उन्हें करारा जवाब दिया कि वो देश के साथ हैं, भाजपा के साथ हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में दशकों के इंतजार के बाद आखिरकार शांतिपूर्वक चुनाव हुए, वोटों की गिनती हुई, नतीजे आए। ये भारत के संविधान की जीत है, भारत के लोकतंत्र की जीत है। जम्मू-कश्मीर में जितनी भी पार्टियां चुनाव लड़ रही थीं, उनमें वोट शेयर के हिसाब से भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।