राष्ट्रीय

एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे पंगत लगाकर बैठा परिवार, वायरल हुआ VIDEO, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

एक्सप्रेसवे किनारे सड़क पर पंगत लगाकर खाना खाते एक बड़े परिवार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर यूजर्स दो गुटों में बंट गए हैं।
2 min read
Aug 31, 2026
Expressway Viral Video
Expressway Viral Video (Photo-X/ThenNowForeve)

नई दिल्ली। एक एक्सप्रेसवे का नजारा उस समय बदला हुआ नजर आया, जब एक बड़े परिवार ने हाईवे किनारे वाहन रोककर सड़क पर ही पंगत जमा ली। परिवार के कई सदस्य सड़क पर बैठकर खाना खाते नजर आए, जबकि कुछ लोग उन्हें खाना परोस रहे थे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में परिवार के लोग सड़क किनारे कतार में बैठकर प्लेटों में खाना खाते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो के साथ मजाकिया अंदाज में लिखा गया है- 'हमारा घर इतना बड़ा है कि एक साथ खाने बैठ जाएं तो लगता है कि भंडारा चल रहा है।' वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के बीच इसे लेकर बहस छिड़ गई। एक तरफ लोग परिवार के इस अंदाज को लेकर मजाक करते नजर आए, तो दूसरी ओर कई यूजर्स ने इसे एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा और नागरिक शिष्टाचार से जोड़ते हुए सवाल उठाए।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यूजर @ThenNowForeve ने वीडियो शेयर किया। वीडियो वायरल होते ही कई यूजर्स ने व्यस्त एक्सप्रेसवे पर इस तरह वाहन रोकने और सड़क पर बैठने को लापरवाही बताया। एक यूजर ने लिखा कि यह बेवकूफी की पराकाष्ठा है। ऐसे लोगों पर भारी जुर्माना लगाया जाना चाहिए और कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई हाईवे पर इस तरह रुकने की हिम्मत न करे। वहीं एक अन्य यूजर ने एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों के खतरे का जिक्र करते हुए कहा कि खड़े वाहनों और सड़क पर मौजूद लोगों के साथ हादसे हो सकते हैं। यूजर ने कहा कि एक्सप्रेसवे पर नो स्टॉपिंग नियम सुरक्षा को ध्यान में रखकर ही बनाया जाता है।

कुछ लोगों ने किया परिवार का बचाव

हालांकि, सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स परिवार के समर्थन में भी नजर आए। एक यूजर ने दावा किया कि वीडियो में दिखाई दे रहा स्थान एक्सप्रेसवे का मुख्य हिस्सा नहीं, बल्कि पार्किंग एरिया है। उसने कहा कि यदि जगह खाली है, मौसम अच्छा है और परिवार खाना खाने के बाद सफाई करके चला जाता है तो इसमें आपत्ति की क्या बात है। एक अन्य यूजर ने इसे परिवार का निजी आनंद बताते हुए लोगों से ज्यादा उग्र प्रतिक्रिया नहीं देने की अपील की।

Updated on:
31 Aug 2026 01:48 pm
Published on:
31 Aug 2026 01:48 pm