
Nagpur Highway Accident: नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय हाईवे-44 पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 12 वर्षीय बालक और 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बालक का मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले युवक के घर में महज 12 दिन पहले बेटी का जन्म हुआ था। नवजात के जन्म की खुशियां अभी परिवार में बनी हुई थीं कि हादसे ने उसकी जिंदगी से पिता का साया छीन लिया।
पुलिस के अनुसार रामटेक के विनोबा भावे वार्ड निवासी सुनील मानिकराव गजाम (32), अपने भांजे सौरव अनंतराम वाडिवे (12) और दोस्त अजय मधुकर कृपाले (29) के साथ बाइक पर फुलझरी से रामटेक लौट रहे थे। इसी दौरान देवलापार थाना क्षेत्र के चोरबाहुली इलाके में किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को रामटेक के उपजिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सौरव और अजय को मृत घोषित कर दिया। सुनील की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले अजय कृपाले के परिवार में 12 दिन पहले ही बेटी का जन्म हुआ था। घर में नन्ही परी के आने से खुशियों का माहौल था। परिवार ने बेटी के भविष्य को लेकर कई सपने संजोए थे, लेकिन एक सड़क हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। जन्म के महज 12 दिन बाद ही बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया। इस घटना से परिवार और इलाके में शोक का माहौल है।
वहीं 12 वर्षीय सौरव की मौत से उसके परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सौरव के पिता फागोराम वाडिवे की शिकायत पर देवलापार पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। देवलापार थाना प्रभारी नारायण तुरकुंडे के मार्गदर्शन में राकेश नलगुंडवार मामले की जांच कर रहे हैं। राष्ट्रीय हाईवे-44 पर लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने हादसों पर रोक लगाने और लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।