राष्ट्रीय

झारखंड के सारंडा जंगल में भीषण एनकाउंटर, नई नक्सलियों की हुई मौत, गोला-बारूद भी बरामद

झारखंड के सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। जानिए क्या कहा कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने...

2 min read
Jan 22, 2026
नक्सलियों संग मुठभेड़ (फाइल फोटो)

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक हथियारबंद नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य रखा है। इसी कड़ी में झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सारंडा के जंगलों में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है। कोल्हान प्रमंडल के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा है कि अभियान जारी है और विस्तृत जानकारी बाद में साझा की जाएगी।

ये भी पढ़ें

बेगूसराय में STF का बड़ा एक्शन! मारा गया 50 हजार का इनामी नक्सली दयानंद, 20 राउंड से ज्यादा गोलियां चलीं

सुरक्षाबलों ने किया इलाके को सील

DIG अनुरंजन किस्पोट्टा ने कहा कि सुरक्षा कारणों से पूरे इलाके को घेर लिया गया है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस और सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं। झारखंड पुलिस के प्रवक्ता और आईजी अभियान माइकल राज ने बताया कि सुबह से ही सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। उन्होंने आगे कहा कि अब भी रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है और नक्सलियों को भारी नुकसान हुआ है।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई

पुलिस सूत्रों के अनुसार, छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुंभडीह गांव के पास नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए प्रभावी कार्रवाई की। मुठभेड़ कई घंटों तक चली, जिसमें सुरक्षाबलों को निर्णायक बढ़त मिली।

मुठभेड़ में 50 लाख के इनामी नक्सली मारा गया

सूचना है कि मुठभेड़ में 50 लाख रुपए का इनामी एक शीर्ष नक्सली के अलावा उसके कई अन्य साथी मारे गए हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। मुठभेड़ स्थल से कई नक्सलियों के शव, हथियार, गोला-बारूद और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है। सूत्रों का कहना है कि मारे गए नक्सलियों में संगठन के सक्रिय और वांछित सदस्य शामिल हैं, जिन पर विभिन्न मामलों में इनाम घोषित था।

चाईबासा के इलाकों में नक्सल ऑपरेशन में आई तेजी

गौरतलब है कि हाल के महीनों में चाईबासा और आसपास के इलाकों में नक्सल विरोधी अभियानों में तेजी आई है। जून 2025 में भी चाईबासा के टोंटो और गोइलकेरा क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में चार नक्सलियों की मौत हुई थी, जिनमें संगठन के वरिष्ठ कमांडर शामिल थे। वर्ष 2026 में नक्सलियों के साथ सुरक्षा बलों की मुठभेड़ की यह पहली घटना है। वर्ष 2025 में पुलिस और सुरक्षा बलों ने राज्य में 25 से भी ज्यादा नक्सलियों को मार गिराया था।

Published on:
22 Jan 2026 01:24 pm
Also Read
View All

अगली खबर