13 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पत्नी को लगी शराब की लत, पति ने धमकाया तो फंदा लगाकर ले ली अपनी जान

हैदराबाद के एसामिया बाजार इलाके में 30 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार शराब पीने को लेकर पति से हुए विवाद के बाद महिला ने कमरे में फांसी लगा ली। मामले की जांच जारी है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Himadri Joshi

Mar 13, 2026

Crime News

पति से लड़ाई पर पत्नी ने की आत्महत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में घरेलू विवाद से जुड़ा एक दुखद मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने शराब की लत के चलते अपनी जान दे दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला का पति उसे शराब पीने से रोकता था। इसी बात को लेकर घटना वाले दिन दोनों के बीच झगड़ा हुआ जिसके बाद महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

10 साल पहले हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार यह घटना 11 मार्च को हैदराबाद के एसामिया बाजार इलाके में हुई थी। यहां 30 वर्षीय महिला ने अपने किराए के घर में साड़ी के सहारे फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस के मुताबिक महिला की शादी करीब दस साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे भी हैं। हाल के दिनों में महिला को शराब पीने की लत लग गई थी, जिसे लेकर पति और पत्नी के बीच अक्सर बहस होती रहती थी। घटना वाली सुबह भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

महिला के पिता ने दी पुलिस में शिकायत

महिला के पिता द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि उनके दामाद ने अपनी पत्नी को शराब पीने से मना किया और उसे डांटा था। इसके बाद वह अपने दोनों बच्चों को लेकर घर से बाहर नाश्ता कराने चला गया। जब वह कुछ समय बाद घर लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और महिला कोई जवाब नहीं दे रही थी। इसके बाद उसे शक हुआ और उसने परिजनों को बुलाया।

बेटी की मौत के पीछे किसी पर शक नहीं - पिता

पति और उसके रिश्तेदारों ने मिलकर कमरे का दरवाजा खोला तो महिला छत के पंखे से साड़ी के सहारे लटकी हुई मिली। तुरंत उसे नीचे उतारा गया और एम्बुलेंस बुलायी गई। एम्बुलेंस स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर महिला को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया। महिला के पिता ने अपनी शिकायत में यह भी कहा कि उन्हें अपनी बेटी की मौत के पीछे किसी पर शक नहीं है। उन्होंने पुलिस को बताया कि हाल के दिनों में शराब की लत के कारण घर में अक्सर तनाव की स्थिति बन जाती थी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

इस मामले में काचीगुडा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की है और घटना की परिस्थितियों को समझने की कोशिश कर रही है।