राष्ट्रीय

MCD चुनाव: AAP कैंडिडेट का हथियार लहराते हुए डांस का वीडियो वायरल, FIR दर्ज

Delhi MCD Poll: दिल्ली एमसीडी चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के एक प्रत्याशी का हाथ में रिवाल्वर लिए डांस करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने आप प्रत्याशी पर आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
mcd_election_aap.jpg
FIR on AAP Candidate for MCD polls who dance with revolver in a viral Video

Delhi MCD Poll: दिल्ली नगर निगम चुनाव से पहले आज आम आदमी पार्टी के एक प्रत्याशी पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी की ओर से चुनाव लड़ रहे शख्स का एक वीडियो वायरल हो रहा था। जिसमें वह हाथ में रिवाल्वर लिए डांस करता दिख रहा है। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जिसके बाद आप प्रत्याशी पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

एक समाचार एजेंसी ने दिल्ली पुलिस के हवाले से जानकारी दी कि दिल्ली के स्वरूप नगर वार्ड-19 के आप प्रत्याशी जोगिंद्र सिंह उर्फ बंटी पर मामला दर्ज किया गया है। बंटी एक वायरल वीडियो में हाथ में रिवाल्वर लिए नाचता दिख रहा है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि जोगिंद्र सिंह उर्फ बंटी पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसके बाद छानबीन की जा रही है। मामले में जरूरत होने पर आप प्रत्याशी से पूछताछ भी की जा सकती है।


दिल्ली पुलिस मामले की जानकारी बकायदा ट्वीट करते हुए दी। ट्वीट में दिल्ली पुलिस ने लिखा कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो जिसमें एक व्यक्ति डांस करते हुए असलहा लहरा रहा है का संज्ञान लिया गया है। आरोपी MCD चुनावो में एक राजनीतिक दल का प्रत्याशी है। उचित धाराओं में थाना स्वरूप नगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


गौरतलब हो कि दिल्ली नगर निगम का चुनाव 4 दिसंबर को होना है। जिसके लिए अभी प्रचार अभियान पूरे जोरों पर है। अभी एमसीडी में बीजेपी का कब्जा है। जिसे इस बार राज्य की सत्ताधारी पार्टी आम आदमी पार्टी से तगड़ी चुनौती मिल रही है। इसके अलावा चुनावी मैदान में कांग्रेस, बसपा सहित अन्य राजनीतिक दल भी शामिल है। सभी पार्टी अपनी-अपनी जीत का दावा करते हुए चुनाव प्रचार में जुटे है।


आप प्रत्याशी जोगिंद्र सिंह पर आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुए मामले से पहले आप के एक विधायक के पीए और रिश्तेदार को एमसीडी चुनाव में टिकट के लिए घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। इस मामले की जांच चल ही रही है। टिकट के बदले कैश मामले में दिल्ली के विधायक के तीन लोगों को रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया था।

Published on:
30 Nov 2022 12:38 pm