राष्ट्रीय

पैकेज्ड पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए देशभर में FSSAI का अभियान, हर ब्रांड के सैंपल की होगी जांच

FSSAI ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर की गुणवत्ता जांचने के लिए देशव्यापी अभियान शुरू किया है। सैंपल जांच के नतीजे एक-दो महीने में आएंगे।
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 7:44 PM IST
FSSAI action on food safety
FSSAI (फोटो- IANS)

FSSAI Water Testing: देश में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने देशव्यापी निगरानी अभियान शुरू किया है। इसके तहत पानी बनाने वाली कंपनियों और उत्पादों की नियमित जांच की जाएगी। FSSAI के CEO राजित पुनहानी ने बताया कि इस अभियान के नतीजे आने में कम से कम एक से दो महीने लग सकते हैं।

राज्यों को नियमित निरीक्षण और सैंपल जांच के निर्देश


FSSAI ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के खाद्य सुरक्षा आयुक्तों और क्षेत्रीय निदेशकों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर की नियमित जांच करने के साथ जोखिम के आधार पर सैंपल लेने को कहा गया है। प्राधिकरण ने निर्देश दिया है कि जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाए।

FoSCoS पोर्टल पर दर्ज होगी जांच की पूरी जानकारी


FSSAI के निर्देशों के अनुसार, निरीक्षण, लिए गए सैंपल और उनकी जांच रिपोर्ट से जुड़ी सभी जानकारियां फूड सेफ्टी कंप्लायंस सिस्टम (FoSCoS) पर दर्ज की जाएंगी। इसके जरिए निगरानी और समय-समय पर समीक्षा की जाएगी। दरअसल, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर को अब 'हाई-रिस्क फूड कैटेगरी' में रखा गया है। इसके बाद इन उत्पादों की नियमित निगरानी और जोखिम आधारित सैंपलिंग पर जोर दिया जा रहा है।

BIS सर्टिफिकेशन की अनिवार्यता हटने के बाद बढ़ी निगरानी


पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और मिनरल वाटर के लिए पहले भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का अनिवार्य प्रमाणन जरूरी था। इस अनिवार्यता को हटाए जाने के बाद FSSAI ने इन उत्पादों को हाई-रिस्क श्रेणी में शामिल किया है। इसका उद्देश्य खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की निगरानी को मजबूत करना है।

एक-दो महीने में आएंगे जांच के नतीजे


FSSAI के CEO राजित पुनहानी ने बताया कि देशभर में यह निगरानी अभियान शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि जांच के नतीजे आने में कम से कम एक से दो महीने का समय लग सकता है।

पुनहानी ने स्पष्ट किया कि पैकेज्ड पानी को किसी खास शिकायत या एक विशेष वजह से जांच के लिए नहीं चुना गया है। FSSAI अलग-अलग खाद्य श्रेणियों की नियमित निगरानी करता है। पिछले साल डेयरी उत्पादों, मांस, अंडे, अनाज, एनर्जी ड्रिंक्स और मीठे पेय पदार्थों की भी जांच की गई थी।

विज्ञापनों में उत्पादों के दावों पर भी FSSAI की नजर


राजित पुनहानी ने खाद्य कंपनियों को विज्ञापन में नैतिक मानकों का पालन करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि कंपनियों को अपने उत्पादों का प्रचार करते समय किए जाने वाले दावों पर ध्यान देना चाहिए। नियामक इस मामले को केवल कानूनी नजरिए से नहीं देख रहा, बल्कि विज्ञापन के नैतिक पहलुओं को भी महत्वपूर्ण मानता है।

Updated on:
25 Nov 2026, 7:44 PM IST
Published on: