राष्ट्रीय

शरद पवार से मिलने पहुंचे गौतम अडानी, ब्रीच कैंडी अस्पताल में दो घंटे रहे, परिसीमन विधेयक पर भी सियासी हलचल

Gautam Adani Sharad Pawar Meeting: उद्योगपति गौतम अदाणी ने शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचकर शरद पवार से मुलाकात की। अडानी करीब दो घंटे अस्पताल में रहे। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब परिसीमन विधेयक पर पवार की पार्टी के रुख को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 2:39 PM IST
Gautam Adani Sharad Pawar
शरद पवार और उद्योगपति गौतम अदाणी। फाइल फोटो- आईएएनएस

मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) के अध्यक्ष शरद पवार से उद्योगपति गौतम अडानी ने शनिवार को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पवार की सेहत की जानकारी ली। हालांकि दोनों के बीच करीब दो घंटे तक क्या बातचीत हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे समय में यह मुलाकात हुई है, जब संसद में परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं और पवार की पार्टी के संभावित रुख को लेकर विपक्षी गठबंधन में चर्चा चल रही है।

अडानी करीब दो घंटे तक अस्पताल में रहे

शरद पवार का फिलहाल ब्रीच कैंडी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इससे पहले उन्हें मुंबई के माझगांव स्थित कैंसर अस्पताल ले जाया गया था, जहां उनकी कुछ जरूरी चिकित्सकीय जांच की गई। इसके बाद उन्हें वापस ब्रीच कैंडी अस्पताल लाया गया। इसी दौरान शनिवार को गौतम अडानी उनसे मिलने पहुंचे। अडानी करीब दो घंटे तक अस्पताल में रहे। उनकी इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, मुलाकात के दौरान किसी राजनीतिक मुद्दे पर बातचीत हुई या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

परिसीमन विधेयक पर पवार की पार्टी के रुख से हलचल

संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इसे पारित कराने के लिए संसद में दो तिहाई बहुमत जरूरी है। ऐसे में शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस का समर्थन सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए अहम माना जा रहा है। पार्टी के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने दावा किया है कि शरद पवार से चर्चा के बाद विधेयक को समर्थन देने का फैसला किया गया है। हालांकि सांसद सुप्रिया सुले ने विधेयक का मसौदा देखने के बाद ही पार्टी का अंतिम रुख स्पष्ट करने की बात कही है। इस मुद्दे पर कांग्रेस और राष्ट्रवादी के बीच मतभेद की चर्चा भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने पवार गुट पर सत्तापक्ष के साथ जाने की तैयारी का आरोप लगाया है। वहीं कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने विश्वास जताया है कि शरद पवार भाजपा के राजनीतिक दांव में नहीं आएंगे और विधेयक का विरोध करेंगे। दूसरी ओर, महायुति सरकार के मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटील ने परिसीमन को देश के हित में जरूरी बताते हुए कांग्रेस पर विरोध की राजनीति करने का आरोप लगाया है।

सुप्रिया सुले को केंद्रीय मंत्री बनाने की चर्चा

इस बीच एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि परिसीमन विधेयक पर समर्थन के बदले सुप्रिया सुले को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार में एक कैबिनेट मंत्री और दो राज्य मंत्री पद की मांग किए जाने की बात भी कही गई है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार) के लोकसभा में आठ सांसद और महाराष्ट्र विधानसभा में 10 विधायक हैं। ऐसे में परिसीमन विधेयक पर पार्टी का रुख महत्वपूर्ण हो गया है। पवार की अस्पताल में चल रही मुलाकातों और अदाणी के साथ दो घंटे की बैठक ने इस पूरे घटनाक्रम को और चर्चा में ला दिया है।

Updated on:
28 Nov 2026, 2:39 PM IST
Published on: