
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी को डिबेट की चुनौती देने पर सियासी बयानबाजी तेज है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधा है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी को चिरकुट भी कहा। गिरिराज सिंह ने सवाल करते हुए कहा कि क्या राहुल गांधी देश की जनता को मूर्ख समझते हैं?
गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री से खुली बहस की मांग करने के बजाय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चुनौती स्वीकार करनी चाहिए और संसद में चर्चा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा किस वह किसे मूर्ख बनाने की कोशिश कर रहे हैं? क्या उन्हें लगता है कि भारत की जनता मूर्ख है? भारत की बुद्धिमत्ता पूरी दुनिया में जानी जाती है। वह खुद चिरकुट हैं और चिरकुट जैसी बातें करते हैं। गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि राहुल गांधी खुद को जिस नजरिए से देखते हैं, उसी नजरिए से पूरे देश को देख रहे हैं।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने बहस के लिए संसद को सही मंच बताया। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं तो उन्हें संसद में अपनी बात रखनी चाहिए और बहस करनी चाहिए।
गिरिराज सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह की चुनौती का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी को इसे स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की भी बात कही।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर चुनावी प्रक्रिया, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को लेकर भ्रम फैलाने तथा देश में विभाजन की स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया।
उन्होंने सवाल किया कि यदि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के पास चुनावी गड़बड़ी से संबंधित कोई सबूत है तो उन्हें चुनाव आयोग या फिर सुप्रीम कोर्ट में पेश क्यों नहीं किया?
मंत्री सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के सामने बयान देते हुए सबूत होने का दावा किया था, लेकिन अब तक उन्होंने संबंधित संस्थाओं के सामने कोई ठोस प्रमाण पेश नहीं किया है।
उन्होंने विपक्ष पर भारत की विकास यात्रा को बाधित करने और देश में अशांति फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के उस बयान पर भी निशाना साधा, जिसमें उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के जेल जाने की बात कही थी। इस पर पलटवार करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी खुद जमानत पर हैं और दूसरों को जेल भेजने की बात कर रहे हैं।
वहीं, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की ओर से राजीव गांधी फाउंडेशन को लेकर लगाए गए आरोपों का हवाला देते हुए गिरिराज सिंह ने दावा किया कि फाउंडेशन को चीन से धन मिला था। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।