
Jaish-E-Mohammed Suspected Terrorist: गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) की टीम ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध आतंकी मोहम्मद शाहरुल इस्लाम को कड़ी सुरक्षा में दाहोद लाकर बड़ी कार्रवाई की। उसे मौके पर लाकर सीन रीक्रिएट कराया गया। जानकारी के अनुसार गुजरात एटीएस की ओर से दाहोद जिले में चलाए गए एक सघन तलाशी अभियान से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जैश से जुड़े संदिग्ध आतंकी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध आतंकी मोहम्मद शाहरुल को एटीएस की टीम कड़ी सुरक्षा के बीच दाहोद लेकर पहुंची, जहां मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए कई महत्वपूर्ण ठिकानों पर पड़ताल तेज कर दी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुजरात एटीएस की टीम ने कुछ दिन पहले वडोदरा जिले के जरोद क्षेत्र से मोहम्मद शाहरुल को गिरफ्तार किया था। रिमांड के दौरान की गई प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कई खुलासे किए, जिसके तार दाहोद जिले से जुड़ते नजर आए।
इन्हीं सुरागों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाते हुए गुजरात एटीएस की टीम उसे लेकर दाहोद पहुंची। जांच के दौरान अहम सुराग मिला था कि आरोपी ने दाहोद-झालोद हाईवे के आसपास के इलाके में हथियार छिपाए या रखे थे। इस सूचना के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया। टीम आरोपी मोहम्मद शाहरुल को लेकर दाहोद के खरोड गांव पहुंची, जहां उससे गहन पूछताछ की गई। इसके बाद टीम उसे हाईवे से सटे संदिग्ध स्थान पर ले गई और पूरी घटना का सीन रीक्रिएट कराया ताकि सबूतों की पुष्टि की जा सके।
दाहोद-झालोद मुख्य मार्ग पर अचानक गुजरात एटीएस के वाहनों के काफिले और सघन जांच की कार्रवाई को देखकर स्थानीय नागरिकों में भारी कौतूहल और हड़कंप की स्थिति बन गई। फिलहाल टीमें इस मामले से जुड़े ठोस सबूत जुटाने में लगी हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की भी गहनता से जांच कर रही हैं कि इस आतंकी नेटवर्क में दाहोद या आसपास के क्षेत्रों का कोई स्थानीय संपर्क शामिल है या नहीं।
जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले एक साल से पाकिस्तान में बैठे जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलर के संपर्क में था। यह हैंडलर मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के नाम से पहचाना गया है। जांच में यह भी पता चला कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलर ने आरोपी को नया मोबाइल खरीदने के लिए 50 हजार रुपए दिए थे। एटीएस को आरोपी के घर से जैश-ए-मोहम्मद के झंडे, मसूद अजहर की किताब और लेख मिले हैं।